दीपावली और छठ पर अहमदाबाद मंडल से 21 लाख यात्रियों ने किया सफर, रेलवे को मिला 108 करोड़ रुपये से अधिक राजस्व

दीपावली और छठ पर अहमदाबाद मंडल से 21 लाख यात्रियों ने किया सफर, रेलवे को मिला 108 करोड़ रुपये से अधिक राजस्व

15 दिनों में 79 विशेष ट्रेनें संचालित

अहमदाबाद। दीपावली और छठ महापर्व के दौरान यात्रियों की भारी भीड़ के बीच पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल ने बेहतर रेल प्रबंधन का प्रदर्शन किया। 1 से 15 नवंबर 2026 के बीच मंडल से 21 लाख से अधिक यात्रियों ने रेल यात्रा की। इससे रेलवे को 108 करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व प्राप्त हुआ। यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए इस दौरान 79 विशेष ट्रेन फेरे संचालित किए गए और नियमित ट्रेनों में अतिरिक्त कोच भी लगाए गए।

मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश के मार्गदर्शन में यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए गए। अहमदाबाद रेलवे स्टेशन से 8.13 लाख से अधिक, साबरमती स्टेशन से 3.42 लाख और असारवा स्टेशन से 1.37 लाख से अधिक यात्रियों ने सफर किया। इसके अलावा भुज, गांधीधाम और अन्य स्टेशनों से भी बड़ी संख्या में यात्रियों ने विभिन्न राज्यों के लिए यात्रा की।

त्योहारी सीजन में उत्तर प्रदेश और बिहार जाने वाले यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अहमदाबाद, साबरमती, असारवा, भुज और गांधीधाम से लखनऊ, कानपुर, आगरा, प्रयागराज, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, बरौनी, राजगीर, भागलपुर सहित कई शहरों के लिए विशेष ट्रेनें चलाई गईं। वहीं स्वर्ण जयंती राजधानी, तेजस और कर्णावती एक्सप्रेस जैसी प्रमुख ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाकर यात्रियों को राहत दी गई।

सीसीटीवी कैमरों से हुई निगरानी, आरपीएफ के जवान रहे तैनात

स्टेशनों पर भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए अहमदाबाद और साबरमती में विशेष यात्री होल्डिंग क्षेत्र बनाए गए। यहां यात्रियों के बैठने, पेयजल, रोशनी और पंखों की व्यवस्था की गई। सामान्य श्रेणी के यात्रियों को खाद्य पैकेट, पानी की बोतलें और बिस्किट भी वितरित किए गए।

सुरक्षा व्यवस्था के तहत साबरमती स्टेशन पर 121 और अहमदाबाद स्टेशन पर 119 सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की गई। अहमदाबाद स्टेशन पर 55, साबरमती में 40 और असारवा स्टेशन पर 15 रेलवे सुरक्षा बल के जवान तैनात रहे। अहमदाबाद स्टेशन पर 60 अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाने की भी योजना है।

रेलवे ने यात्रियों को ट्रेनों की समय-सारिणी, प्लेटफॉर्म और अन्य जरूरी जानकारियां उपलब्ध कराने के लिए उद्घोषणा प्रणाली, इलेक्ट्रॉनिक डिस्प्ले बोर्ड और सामाजिक माध्यमों का उपयोग किया। वाणिज्यिक, परिचालन, सुरक्षा और अन्य विभागों के कर्मचारियों ने चौबीसों घंटे समन्वय के साथ व्यवस्थाएं संभालीं।

अहमदाबाद मंडल ने बताया कि 15 दिनों में 21 लाख से अधिक यात्रियों को सुविधा उपलब्ध कराना, 79 विशेष ट्रेन फेरे संचालित करना और 108 करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व अर्जित करना मंडल की महत्वपूर्ण उपलब्धि है। रेलवे भविष्य में भी यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और बेहतर भीड़ प्रबंधन को प्राथमिकता देता रहेगा।