दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में राजभाषा पखवाड़ा-2026 का शुभारंभ हिंदी निबंध और टिप्पण आलेखन प्रतियोगिता में 41 अधिकारियों-कर्मचारियों ने लिया हिस्सा

बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मुख्यालय में राजभाषा हिंदी के प्रयोग और प्रचार-प्रसार को बढ़ावा देने के लिए 14 से 28 सितंबर तक राजभाषा पखवाड़ा-2026 मनाया जा रहा है। इस दौरान रेलवे तथा नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, बिलासपुर के अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।

हिंदी दिवस के अवसर पर 14 सितंबर को नवी मुंबई स्थित सिडको प्रदर्शनी केंद्र में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में छठे अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन एवं हिंदी दिवस समारोह का शुभारंभ हुआ। इस सम्मेलन में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर तथा नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, बिलासपुर की ओर से प्रतिनिधित्व किया गया।

इसी क्रम में 16 सितंबर को रेलवे भर्ती बोर्ड, बिलासपुर के सभाकक्ष में रेलवे तथा नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, बिलासपुर के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए हिंदी निबंध लेखन और हिंदी टिप्पण आलेखन प्रतियोगिता आयोजित की गई। निबंध लेखन प्रतियोगिता में ?कार्यालयीन कार्य में हिंदी का प्रयोग: चुनौतियां और समाधान? तथा ?जलवायु परिवर्तन और मानव जीवन पर प्रभाव? विषय रखे गए।

वहीं, हिंदी टिप्पण आलेखन प्रतियोगिता के लिए निर्धारित प्रश्नपत्र के आधार पर प्रतिभागियों ने अपने उत्तर प्रस्तुत किए। दोनों प्रतियोगिताओं में रेलवे तथा नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, बिलासपुर के कुल 41 अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

राजभाषा विभाग, प्रधान कार्यालय, बिलासपुर की ओर से रेलवे के सभी विभागों और केंद्रीय कार्यालयों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से राजभाषा पखवाड़ा-2026 के दौरान आयोजित होने वाली विभिन्न प्रतियोगिताओं और कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की गई है। रेलवे प्रशासन का उद्देश्य कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने के साथ कर्मचारियों को हिंदी में काम करने के लिए प्रोत्साहित करना है।