दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की 3 ट्रेनों में सफाई व्यवस्था होगी बेहतर, एआई से होगी निगरानी

बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने यात्रियों को स्वच्छ और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराने के लिए ऑन-बोर्ड सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने की पहल शुरू की है। इसके तहत 3 ट्रेनों में ?बेटर ऑन-बोर्ड सर्विसेज? नीति लागू की जा रही है। खास बात यह है कि अब सामान्य यानी अनारक्षित कोचों में भी नियमित साफ-सफाई की जाएगी।

रेलवे बोर्ड के निर्देश पर इस योजना के शुरुआती चरण में छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस, हमसफर एक्सप्रेस और दुर्ग-उधमपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस को शामिल किया गया है। इनमें बिलासपुर-अमृतसर मार्ग की छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस तथा दुर्ग से हजरत निजामुद्दीन और उधमपुर जाने वाली ट्रेनें शामिल हैं।

नई व्यवस्था के तहत ट्रेन के शुरुआती स्टेशन से गंतव्य तक शौचालयों, प्रवेश द्वारों, यात्री डिब्बों और कूड़ेदानों की नियमित सफाई होगी। सुबह 06:00 से 09:00 बजे और रात 20:00 से 22:00 बजे तक शौचालयों की हर घंटे सफाई अनिवार्य होगी। अन्य समय में प्रत्येक 2 घंटे पर सफाई की जाएगी।

सफाई व्यवस्था की निगरानी के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित प्रणाली का उपयोग होगा। मोबाइल ऐप के जरिए सफाई से पहले और बाद की तस्वीरें समय और स्थान सहित अपलोड की जाएंगी। केंद्रीय नियंत्रण कक्ष में इन तस्वीरों का सत्यापन किया जाएगा। निर्धारित मानकों का पालन होने के बाद ही संबंधित एजेंसी के भुगतान की अनुमति दी जाएगी।

इसके अलावा सफाई कर्मचारियों को बिजली और पानी से जुड़ी छोटी समस्याओं के समाधान के लिए भी प्रशिक्षित किया जाएगा। ट्रेन में एकत्रित कचरे को सीलबंद थैलों में रखकर निर्धारित स्टेशनों पर उतारा जाएगा। रेलवे की इस पहल से सभी श्रेणियों के यात्रियों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने और यात्रा अनुभव बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।