त्योहारों पर वैष्णो देवी जाने वालों को राहत, नई दिल्ली-कटड़ा के बीच चलेंगी स्पेशल ट्रेनें

त्योहारों पर वैष्णो देवी जाने वालों को राहत, नई दिल्ली-कटड़ा के बीच चलेंगी स्पेशल ट्रेनें

जम्मू मंडल ने दो जोड़ी त्योहार विशेष ट्रेनों का किया संचालन, एक ट्रेन के फेरों में भी विस्तार

जम्मू। त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने नई दिल्ली और श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा के बीच विशेष आरक्षित ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। इसके साथ ही यात्रियों की मांग को देखते हुए एक अन्य विशेष ट्रेन के फेरों में भी विस्तार किया गया है। इस फैसले से त्योहारों पर घर जाने और माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए कटड़ा पहुंचने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी।

रेलवे के अनुसार, ट्रेन संख्या 04085/04086 नई दिल्ली-कटड़ा-नई दिल्ली त्योहार विशेष ट्रेन 2 फेरों में चलेगी। ट्रेन संख्या 04085 नई दिल्ली से 15 और 17 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 3 बजे कटड़ा पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 04086 कटड़ा से 16 और 18 अक्टूबर को सुबह 10 बजे रवाना होकर उसी दिन रात 11:30 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।

इसी तरह ट्रेन संख्या 04485/04486 भी 2 फेरों में संचालित होगी। ट्रेन संख्या 04485 नई दिल्ली से 18 और 20 अक्टूबर को दोपहर 2:15 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 3 बजे कटड़ा पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 04486 कटड़ा से 19 और 21 अक्टूबर को सुबह 10 बजे चलकर रात 11:30 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।

एक अन्य विशेष ट्रेन के फेरों में विस्तार

यात्रियों की अतिरिक्त मांग को देखते हुए ट्रेन संख्या 04081/04082 के संचालन की अवधि भी बढ़ाई गई है। रेलवे की विज्ञप्ति के अनुसार, ट्रेन संख्या 04081 नई दिल्ली से 26 अक्टूबर से 6 नवंबर तक 12 फेरों में चलेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 04082 कटड़ा से 27 अक्टूबर से 7 नवंबर तक 12 फेरों में संचालित होगी। हालांकि, रेलवे की विज्ञप्ति में वापसी की तारीख के संबंध में त्रुटि है, इसलिए यात्रा से पहले आधिकारिक समय-सारणी की पुष्टि करना उचित रहेगा।

इन स्टेशनों पर होगा ठहराव

सभी विशेष ट्रेनें दोनों दिशाओं में सोनीपत, पानीपत, कुरुक्षेत्र, अंबाला कैंट, धंधारी कलां, जालंधर कैंट, पठानकोट कैंट, कठुआ, जम्मू तवी और शहीद कैप्टन तुषार महाजन (उधमपुर) रेलवे स्टेशनों पर रुकेंगी।