त्योहारों पर यात्रियों की सुविधा और सुरक्षित रेल संचालन सर्वोच्च प्राथमिकता: महाप्रबंधक पंकज शर्मा

जयपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय में मंगलवार को महाप्रबंधक पंकज शर्मा की अध्यक्षता में संरक्षा एवं कार्य समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उत्तर पश्चिम रेलवे के सभी विभागाध्यक्ष, चारों मंडलों के मंडल रेल प्रबंधक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।

बैठक में सुरक्षित रेल संचालन, यात्री सुविधाओं, आगामी त्योहारों की तैयारियों, स्वच्छता, बुनियादी ढांचे, निर्माण कार्यों, रेलवे ट्रैक की सुरक्षा, पूंजीगत कार्यों और आय बढ़ाने सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से समीक्षा की गई।

महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संरक्षित रेल संचालन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि संरक्षा और यात्री सुविधाओं से जुड़े कार्यों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय में पूरा किया जाए। निर्माण परियोजनाओं और यात्री सुविधाओं के कार्यों में भी तेजी लाने के साथ कवच प्रणाली से जुड़े कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए।

त्योहारों को लेकर विशेष तैयारियां

आगामी त्योहारों के दौरान रेलवे स्टेशनों पर बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए महाप्रबंधक ने व्यापक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रमुख स्टेशनों पर साफ-सफाई, यात्री सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और ट्रेनों के सुचारू संचालन पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।

उन्होंने अधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने तथा अधीनस्थ कर्मचारियों की समय-समय पर काउंसलिंग कर संरक्षा जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए। रेलवे ट्रैक की सुरक्षा और नियमित पेट्रोलिंग के साथ विद्युत एवं सिग्नल उपकरणों की निगरानी और उचित रखरखाव सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

उत्कृष्ट कार्य करने वाले 9 रेलकर्मी सम्मानित

बैठक के दौरान सुरक्षित रेल संचालन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 9 रेलकर्मियों को पुरस्कृत किया गया। महाप्रबंधक ने कर्मचारियों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि रेल संचालन की सुरक्षा सुनिश्चित करने में प्रत्येक रेलकर्मी की भूमिका महत्वपूर्ण है।

उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि रेल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। साथ ही मुख्यालय स्तर पर अनुमोदित होने वाले कार्यों के निष्पादन में पूर्ण सहयोग का आश्वासन भी दिया।