त्योहारों पर घर जाना हुआ आसान, बाड़मेर-हरिद्वार स्पेशल ट्रेन के 27 फेरे बढ़े

जोधपुर। दीपावली और त्योहारी सीजन में घर जाने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने बड़ी राहत दी है। यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए बाड़मेर-हरिद्वार-बाड़मेर द्विसाप्ताहिक स्पेशल ट्रेन के संचालन में 27 फेरे और बढ़ाए गए हैं। अब यात्रियों को 30 नवंबर तक अतिरिक्त रेल सेवा का लाभ मिलेगा।

जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि ट्रेन संख्या 04811/04812 बाड़मेर-हरिद्वार-बाड़मेर द्विसाप्ताहिक स्पेशल एक्सप्रेस की संचालन अवधि बढ़ाई गई है। ट्रेन संख्या 04811 बाड़मेर-हरिद्वार स्पेशल 31 अगस्त से 30 नवंबर तक तथा ट्रेन संख्या 04812 हरिद्वार-बाड़मेर स्पेशल 1 सितंबर से 1 दिसंबर तक संचालित होगी।

ट्रेन संख्या 04811 प्रत्येक सोमवार और गुरुवार को सुबह 4:15 बजे बाड़मेर से रवाना होकर सुबह 8:40 बजे जोधपुर पहुंचेगी। 10 मिनट के ठहराव के बाद 8:50 बजे जोधपुर से रवाना होकर अगले दिन सुबह 4:10 बजे हरिद्वार पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 04812 मंगलवार और शुक्रवार को सुबह 5:15 बजे हरिद्वार से रवाना होगी और रात 2:30 बजे जोधपुर पहुंचेगी। यहां 10 मिनट के ठहराव के बाद 2:40 बजे रवाना होकर सुबह 7:30 बजे बाड़मेर पहुंचेगी।

18 डिब्बों से चलेगी ट्रेन

यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्पेशल ट्रेन में कुल 18 डिब्बे लगाए जाएंगे। इनमें एक सेकंड एसी, छह थ्री-टियर एसी, पांच स्लीपर, चार सामान्य श्रेणी और दो गार्ड एसएलआर डिब्बे शामिल हैं।

24 स्टेशनों पर होगा ठहराव

बाड़मेर-हरिद्वार स्पेशल ट्रेन दोनों दिशाओं में बायतु, बालोतरा, समदड़ी, दुंदाड़ा, लूनी, जोधपुर, गोटन, मेड़ता रोड जंक्शन, नागौर, नोखा, बीकानेर, लालगढ़, लूनकरनसर, अरजनसर, रजियासर, सूरतगढ़, पीलीबंगा, हनुमानगढ़, संगरिया, मंडी डबवाली, बठिंडा, धुरी, अंबाला कैंट और सहारनपुर स्टेशनों पर ठहरेगी।

रेलवे के इस फैसले से दीपावली और अन्य त्योहारों पर पश्चिमी राजस्थान से हरिद्वार तथा मार्ग में आने वाले प्रमुख शहरों की ओर जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी। बढ़े हुए फेरों से यात्रियों को भीड़ के बीच यात्रा के लिए अतिरिक्त विकल्प उपलब्ध होंगे।