त्योहारी सीजन में यात्रियों को बड़ी राहत, प्रयागराज से हडपसर के बीच चलेगी पूजा स्पेशल ट्रेन

प्रयागराज। दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ पर्व के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर मध्य रेलवे ने प्रयागराज से हडपसर (पुणे) के बीच त्योहार विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। गाड़ी संख्या 04107/04108 प्रयागराज-हडपसर-प्रयागराज पूजा स्पेशल के संचालन से उत्तर प्रदेश, बुंदेलखंड और मध्य प्रदेश के कई क्षेत्रों को महाराष्ट्र से सीधी रेल कनेक्टिविटी मिलेगी।

रेलवे के अनुसार गाड़ी संख्या 04107 प्रयागराज-हडपसर पूजा स्पेशल 21 अक्टूबर से 18 नवंबर 2026 तक प्रत्येक बुधवार को प्रयागराज से चलेगी। इसके कुल पांच फेरे होंगे। वापसी में गाड़ी संख्या 04108 हडपसर-प्रयागराज पूजा स्पेशल 22 अक्टूबर से 19 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार को चलेगी और इसके भी पांच फेरे होंगे।

इस ट्रेन के संचालन से बांदा, महोबा, खजुराहो, छतरपुर, टीकमगढ़, ललितपुर और बीना समेत बुंदेलखंड व मध्य प्रदेश के यात्रियों को पुणे और मुंबई क्षेत्र की ओर आने-जाने में सुविधा मिलेगी। त्योहारों के दौरान यात्रियों को कन्फर्म सीट और बर्थ मिलने की संभावना भी बढ़ेगी।

21 कोच की होगी ट्रेन

पूजा स्पेशल ट्रेन में कुल 21 आईसीएफ कोच लगाए जाएंगे। इनमें एक वातानुकूलित तृतीय श्रेणी, 12 स्लीपर, छह सामान्य श्रेणी और दो एसएलआर/डी कोच शामिल होंगे। सामान्य और स्लीपर श्रेणी के अधिक कोच होने से कम बजट में यात्रा करने वाले यात्रियों, छात्रों और आम यात्रियों को विशेष लाभ मिलेगा।

प्रयागराज से सुबह 10:20 बजे चलेगी

गाड़ी संख्या 04107 प्रत्येक बुधवार को प्रयागराज से सुबह 10:20 बजे रवाना होगी। यह शंकरगढ़, डभौरा, मानिकपुर, चित्रकूट धाम, बांदा, महोबा, खजुराहो, दरियागंज, महाराजा छत्रसाल छतरपुर, टीकमगढ़, ललितपुर, बीना, रानी कमलापति, इटारसी, भुसावल, मनमाड, कोपरगांव, बेलापुर, अहिल्यानगर और दौंड कॉर्ड लाइन होते हुए गुरुवार शाम 7:30 बजे हडपसर पहुंचेगी।

वापसी में गाड़ी संख्या 04108 हडपसर-प्रयागराज प्रत्येक गुरुवार को रात 10:40 बजे रवाना होगी। यह दौंड कॉर्ड लाइन, अहिल्यानगर, बेलापुर, कोपरगांव, मनमाड, भुसावल, इटारसी, रानी कमलापति, बीना, ललितपुर, टीकमगढ़, छतरपुर, खजुराहो, महोबा, बांदा, चित्रकूट धाम, मानिकपुर, डभौरा और शंकरगढ़ होते हुए शनिवार सुबह 6:30 बजे प्रयागराज पहुंचेगी।

रेलवे के इस निर्णय से त्योहारों पर महाराष्ट्र से उत्तर प्रदेश और बुंदेलखंड आने वाले यात्रियों को अतिरिक्त रेल सेवा का लाभ मिलेगा और नियमित ट्रेनों में भीड़ कम करने में मदद मिलेगी।