त्योहारी सीजन में रेलवे की बड़ी सौगात, खातीपुरा से खडकी और रंगिया के लिए चलेंगी 2 स्पेशल ट्रेनें; यूपी-बिहार समेत कई राज्यों के यात्रियों को राहत

जयपुर। त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती भीड़ और आवागमन की सुविधा को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे ने 2 विशेष रेल सेवाओं के संचालन का निर्णय लिया है। खातीपुरा (जयपुर) से महाराष्ट्र के खडकी और असम के रंगिया के बीच एक-एक फेरे की विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी। इन ट्रेनों के संचालन से राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल और असम सहित कई राज्यों के यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी। साथ ही नियमित ट्रेनों में बढ़ने वाले यात्रीभार को कम करने में भी मदद मिलेगी।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार, गाड़ी संख्या 09729 खातीपुरा-खडकी स्पेशल 15 नवंबर 2026 को खातीपुरा से सुबह 06:00 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 07:00 बजे खडकी पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 09730 खडकी-खातीपुरा स्पेशल 16 नवंबर को खडकी से सुबह 08:45 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 08:30 बजे खातीपुरा पहुंचेगी।

यह ट्रेन गांधीनगर जयपुर, जयपुर, किशनगढ़, अजमेर, नसीराबाद, बिजयनगर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, नीमच, मंदसौर, रतलाम, वडोदरा, सूरत, वसई रोड, पनवेल और लोनावला स्टेशनों पर ठहराव करेगी। ट्रेन में कुल 21 डिब्बे होंगे, जिनमें 2 सेकंड एसी, 6 थर्ड एसी, 6 द्वितीय शयनयान, 5 साधारण श्रेणी और 1 पावर कार व 1 गार्ड डिब्बा शामिल रहेगा।

खातीपुरा-रंगिया स्पेशल से 5 राज्यों के यात्रियों को मिलेगा लाभ

त्योहारी सीजन में यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा देने के लिए खातीपुरा और रंगिया के बीच भी एक फेरे की विशेष रेल सेवा संचालित की जाएगी। गाड़ी संख्या 09731 खातीपुरा-रंगिया स्पेशल 14 नवंबर 2026 को सुबह 07:40 बजे खातीपुरा से रवाना होकर 15 नवंबर को रात 23:00 बजे रंगिया पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 09732 रंगिया-खातीपुरा स्पेशल 16 नवंबर को सुबह 06:00 बजे रंगिया से रवाना होकर 17 नवंबर को रात 23:40 बजे खातीपुरा पहुंचेगी।

यह ट्रेन दौसा, बांदीकुई, भरतपुर, अछनेरा, ईदगाह आगरा, टूंडला, गोविंदपुरी, सूबेदारगंज, मिर्जापुर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर, आरा, दानापुर, पटना, बख्तियारपुर, मोकामा, न्यू बरौनी, बेगूसराय, खगड़िया, मानसी, नवगछिया, कटिहार, बारसोई, किशनगंज, न्यू जलपाईगुड़ी, न्यू कूचबिहार, न्यू अलीपुरद्वार, कोकराझार, न्यू बंगाईगांव और बरपेटा रोड सहित प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव करेगी।

इस विशेष ट्रेन में कुल 20 एलएचबी कोच लगाए जाएंगे। इनमें 2 सेकंड एसी, 6 थर्ड एसी, 6 द्वितीय शयनयान, 4 साधारण श्रेणी और 2 पावर कार कोच शामिल होंगे।

रेलवे की इन दोनों विशेष सेवाओं से त्योहारी सीजन में यात्रियों को आवागमन के अतिरिक्त विकल्प मिलेंगे। खासकर उत्तर प्रदेश और बिहार के यात्रियों को रंगिया जाने वाली ट्रेन से बड़ी सुविधा मिलेगी।