डीएम अनुनय झा ने जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा

मुरादाबाद। जिलाधिकारी अनुनय झा ने जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण कर विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं और अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कैश काउंटर, गैर-संचारी रोग जांच कक्ष, आभा एवं पंजीकरण काउंटर, विभिन्न बाह्य रोगी विभाग, औषधि वितरण कक्ष, रसोईघर, पोषण पुनर्वास केंद्र, शल्य चिकित्सा वार्ड और थैलेसीमिया वार्ड का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान सभी विशेषज्ञ चिकित्सक बाह्य रोगी विभाग में उपस्थित मिले। जिलाधिकारी ने अस्पताल में उपचार के लिए पहुंचे मरीजों से संवाद कर उन्हें मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने मरीजों से चिकित्सकों की उपलब्धता, दवा वितरण और अन्य व्यवस्थाओं के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।

डीएम अनुनय झा ने गैर-संचारी रोगों की जांच व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने रक्तचाप और रक्त शर्करा की जांच के साथ स्तन, गर्भाशय ग्रीवा और मुंह के कैंसर की स्क्रीनिंग भी सुनिश्चित कराने को कहा।

उन्होंने सभी पंजीकरण काउंटर पर क्यूआर कोड लगाने के निर्देश दिए, जिससे मरीजों को आवश्यक जानकारी आसानी से उपलब्ध हो सके। साथ ही अस्पताल परिसर में स्वच्छता व्यवस्था को लगातार बेहतर बनाए रखने और मरीजों को साफ-सुथरा वातावरण उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।