डीआरएम ने किया जोधपुर-लूनी-बाड़मेर रेलखंड का फुटप्लेट निरीक्षण

डीआरएम ने किया जोधपुर-लूनी-बाड़मेर रेलखंड का फुटप्लेट निरीक्षण

संरक्षा व्यवस्था परखी, दोहरीकरण कार्य की प्रगति और यात्री सुविधाओं का लिया जायजा

जोधपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बुधवार को जोधपुर-लूनी-बाड़मेर रेलखंड का फुटप्लेट निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रेल संचालन से जुड़े संरक्षा पहलुओं की गहनता से जांच करने के साथ रेलपथ, परिचालन व्यवस्था और यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया।

डीआरएम ने रेलपथ की स्थिति, स्लीपर, ट्रैक फिटिंग, बैलास्ट, प्वाइंट एवं क्रॉसिंग, कर्व तथा लेवल क्रॉसिंग का निरीक्षण किया। इसके अलावा सिग्नल, ओएचई व्यवस्था और रेलपथ के आसपास की स्थिति का भी अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप रेलपथ का नियमित रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान लूणी-समदड़ी रेलखंड में चल रहे रेल दोहरीकरण कार्य की प्रगति भी देखी गई। डीआरएम ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और संरक्षा मानकों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि रेल संचालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। प्वाइंट एवं क्रॉसिंग, लेवल क्रॉसिंग सहित अन्य संवेदनशील स्थानों की नियमित जांच और सिग्नल, ओएचई तथा परिचालन उपकरणों की कार्यशीलता सुनिश्चित की जाए।

डीआरएम ने मार्ग में आने वाले स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म, पेयजल, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और यात्री प्रतीक्षालय सहित अन्य सुविधाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने यात्री सुविधाओं की नियमित निगरानी और कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए।

उन्होंने रेलवे ट्रैक के आसपास उगी झाड़ियों को हटाने तथा साफ-सफाई बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया। डीआरएम ने कहा कि सुरक्षित रेल संचालन रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है, जिसके लिए नियमित निरीक्षण, समयबद्ध रखरखाव और संरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन आवश्यक है।

फुटप्लेट निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे.