ट्रेन में छूटा नकदी और दस्तावेजों से भरा पर्स लौटाकर जम्मू मंडल के चेकिंग स्टाफ ने पेश की ईमानदारी की मिसाल

जम्मू। यात्री सेवा, ईमानदारी और तत्परता का शानदार उदाहरण जम्मू मंडल में देखने को मिला। टिकट चेकिंग स्टाफ सुनील कुमार ने ट्रेन में छूटा यात्री का पर्स खोजकर उसे सुरक्षित वापस लौटाया। पर्स में 13,700 रुपये नकद, वंदे भारत एक्सप्रेस का टिकट और महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे थे।

दरअसल, 8 अक्टूबर को ट्रेन संख्या 12425 के बी-9 कोच की सीट संख्या 63 पर एक यात्री अपना पर्स भूल गया था। जम्मू तवी स्टेशन पर यात्री और उसके परिजनों ने ड्यूटी पर तैनात चेकिंग स्टाफ को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही सुनील कुमार ने तत्काल संबंधित कोच और सीट की जांच की। पर्स सुरक्षित मिल गया, जिसके बाद सत्यापन कर उसे यात्री को सौंप दिया गया।

चेकिंग स्टाफ की तत्परता से यात्री का सामान तो सुरक्षित वापस मिला ही, साथ ही उसकी श्रीनगर जाने वाली वंदे भारत ट्रेन संख्या 26401 भी छूटने से बच गई।

153 मामलों में 1.35 लाख रुपये जुर्माना

वहीं, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक जम्मू उचित सिंघल के नेतृत्व में 7 अक्टूबर को जम्मू मंडल के विभिन्न स्टेशनों और ट्रेनों में सघन टिकट जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान बिना टिकट और अनियमित टिकट पर यात्रा करने वाले यात्रियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 153 मामलों में करीब 1 लाख 35 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।

उचित सिंघल ने चेकिंग स्टाफ की ईमानदारी और तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि यात्री सेवा भारतीय रेल की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि वे हमेशा वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें। जम्मू मंडल में बिना टिकट और अनियमित यात्रा के विरुद्ध टिकट जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।