जिले में जुआरियों पर कसा पुलिस का शिकंजा, सहावर-पटियाली में 8 गिरफ्तार; 5,500 रुपये बरामद

कासगंज। जिले में अवैध जुआ-सट्टे के खिलाफ पुलिस ने एक साथ दो थाना क्षेत्रों में कार्रवाई की। सहावर और पटियाली पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे आठ लोगों को गिरफ्तार किया। दोनों स्थानों से कुल 5,500 रुपये नकद और ताश की एक-एक गड्डी बरामद हुई।

सहावर थाना पुलिस ने 7 सितंबर की देर शाम मोहल्ला काजी तलैया के पास जुआ खेल रहे चार लोगों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों में नवेद पुत्र इंतजार खां, इरशाउद्दीन पुत्र वसीमुद्दीन, अजीम पुत्र जमीउद्दीन और रफीक पुत्र नसीर निवासी सहावर शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से 1,800 रुपये नकद और ताश की एक गड्डी बरामद की। चारों के खिलाफ थाना सहावर में मुकदमा अपराध संख्या 341/26, धारा 13 जी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई।

उधर, 7 सितंबर की रात पटियाली थाना पुलिस ने उस्मानपुर रोड के पास खाली खेत में जुआ खेल रहे चार लोगों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों में अंकित उर्फ पंछू पुत्र राधेश्याम, उमेश पुत्र शंकर, अशोक सिंह उर्फ हरिहर पुत्र स्वर्गीय महेंद्र सिंह और सुनील पुत्र रनवीर सिंह निवासी पटियाली शामिल हैं। इनके कब्जे से 3,700 रुपये नकद और ताश की एक गड्डी बरामद हुई। आरोपियों के खिलाफ थाना पटियाली में मुकदमा अपराध संख्या 227/26, धारा 13 जी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

सहावर में प्रभारी निरीक्षक राधेश्याम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की, जबकि पटियाली में प्रभारी निरीक्षक अजयवीर सिंह के नेतृत्व में टीम ने जुआरियों को दबोचा। दोनों कार्रवाई पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह के निर्देशन में जिले में अवैध जुआ और सट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।