जिला पंचायत CEO योगेंद्र श्रीवास ने पांच ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों का लिया जायजा, अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को दिए आवश्यक निर्देश

बैकुंठपुर। कोरिया जिले में ग्रामीण विकास के तहत कराए जा रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने निगरानी तेज कर दी है। इसी कड़ी में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) योगेंद्र श्रीवास ने जनपद पंचायत बैकुंठपुर की विभिन्न ग्राम पंचायतों में औचक निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया उन्होंने संबंधित अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं, ताकि ग्रामीणों को इनका लाभ मिल सके कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव के निर्देशानुसार किए गए निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत CEO ने ग्राम पंचायत अमरपुर, सलवा, सलका, कंचनपुर एवं बुढ़ार सहित विभिन्न क्षेत्रों में विकसित भारत जी-राम-जी योजना के अंतर्गत कराए जा रहे विकास कार्यों की स्थिति देखी निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति का आकलन करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

आंगनबाड़ी भवन से लेकर बालिका शौचालय निर्माण तक का निरीक्षण

निरीक्षण की शुरुआत ग्राम पंचायत अमरपुर से हुई, जहां जिला पंचायत CEO ने निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्र का जायजा लिया उन्होंने कार्य को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए इसके साथ ही उन्होंने गांव में जल संरक्षण के उद्देश्य से कराए जा रहे कंटूर ट्रेंच कार्य का भी अवलोकन किया इसके बाद ग्राम पंचायत सलवा में निर्माणाधीन बालिका शौचालय तथा ग्राम पंचायत बुढ़ार में आंगनबाड़ी भवन और कंटूर ट्रेंच कार्य की स्थिति देखी गई। ग्राम पंचायत कंचनपुर में विद्यालय परिसर में बन रहे सर्वसुविधायुक्त बालिका शौचालय का निरीक्षण कर निर्माण की प्रगति का जायजा लिया गया इन निर्माण कार्यों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाना, बच्चों को सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना तथा जल संरक्षण को बढ़ावा देना है।

गुणवत्ता के साथ समय-सीमा का भी रखें ध्यान

निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत CEO योगेंद्र श्रीवास ने कहा कि ग्राम पंचायतों में होने वाला प्रत्येक निर्माण कार्य ग्रामीणों के लिए महत्वपूर्ण संसाधन है। ऐसे में निर्माण की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाना चाहिए। संबंधित अधिकारी नियमित रूप से कार्यों की निगरानी करें और निर्माण एजेंसियों के कामकाज का सतत मूल्यांकन सुनिश्चित करें उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य केवल निर्धारित समय में पूरा करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसकी गुणवत्ता और उपयोगिता भी सुनिश्चित होनी चाहिए। समय पर काम पूरा होने से ग्रामीणों को सुविधाओं का लाभ मिलेगा और विकास योजनाओं का उद्देश्य भी पूरा होगा।

नियमित निगरानी से विकास कार्यों में आएगी तेजी

जिला प्रशासन द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित विकास कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता पर लगातार नजर रखी जा रही है। औचक निरीक्षण के माध्यम से निर्माण कार्यों की वास्तविक स्थिति का आकलन कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए जा रहे हैं जिला पंचायत CEO के इस निरीक्षण को ग्रामीण विकास कार्यों में गुणवत्ता, जवाबदेही और समयबद्धता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।