जिरिबाम–इंफाल नई रेल लाइन परियोजना को मिलेगी रफ्तार, खोंगसांग–अवांगखुल सेक्शन का सीआरएस निरीक्षण शुरू

मणिपुर। मणिपुर को राष्ट्रीय रेल नेटवर्क से जोड़ने की दिशा में रेलवे ने एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। जिरिबाम?इंफाल नई रेल लाइन परियोजना के तहत नवनिर्मित 8.93 किलोमीटर लंबे खोंगसांग?अवांगखुल ब्रॉडगेज सेक्शन का रेल संरक्षा आयुक्त (सीआरएस) ने शनिवार से दो दिवसीय वैधानिक संरक्षा निरीक्षण शुरू कर दिया। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के लामडिंग मंडल के अंतर्गत आने वाले इस सेक्शन का निरीक्षण यात्री और मालगाड़ियों का संचालन शुरू करने की तैयारियों को परखने के उद्देश्य से किया जा रहा है।

निरीक्षण के पहले दिन 28 नवंबर को सीआरएस ने स्पेशल ट्रेन से खोंगसांग रेलवे स्टेशन से टनल संख्या 24 तक रेलखंड का निरीक्षण किया। इस दौरान नई बिछाई गई रेल पटरियों और उनसे जुड़ी रेल अवसंरचना की बारीकी से जांच की गई। निरीक्षण का पहला चरण सफलतापूर्वक पूरा किया गया।

दूसरे दिन 29 नवंबर को सीआरएस टनल संख्या 24 से अवांगखुल रेलवे स्टेशन तक शेष रेलखंड का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद नई रेल लाइन पर स्पीड ट्रायल भी किया जाएगा। इस दौरान इंस्ट्रूमेंटेड ऑब्जर्वेशन कार के माध्यम से ट्रेन परिचालन के दौरान विभिन्न तकनीकी पहलुओं और व्यवहार को रिकॉर्ड किया जाएगा, ताकि रेलखंड की संरक्षा का विस्तृत मूल्यांकन किया जा सके।

54 सुरंगों और 131 पुलों से होकर गुजरेगी रेल लाइन

जिरिबाम?इंफाल नई रेल लाइन परियोजना की कुल लंबाई 110.625 किलोमीटर है। इसका निर्माण कई चरणों में किया जा रहा है, ताकि मणिपुर की राजधानी इंफाल को देश के राष्ट्रीय रेल नेटवर्क से जोड़ा जा सके। इस पहाड़ी रेलमार्ग में कुल 54 सुरंगें हैं, जिनकी लंबाई 66.47 किलोमीटर है। इसके अलावा 15 बड़े पुल और 116 छोटे पुल बनाए गए हैं। परियोजना की प्रमुख संरचनाओं में नोनी स्थित पुल संख्या 164 भी शामिल है, जिसके एक खंभे की ऊंचाई 141 मीटर है।

परियोजना के शुरुआती दो चरणों में रेल लाइन जिरिबाम से खोंगसांग तक पहुंचाई जा चुकी है। अब खोंगसांग?अवांगखुल सेक्शन को संरक्षा संबंधी मंजूरी मिलने के बाद रेल सेवाओं का विस्तार किया जा सकेगा।

अवांगखुल होगा परियोजना का सातवां रेलवे स्टेशन

सीआरएस से आवश्यक मंजूरी मिलने के बाद अवांगखुल जिरिबाम?इंफाल नई रेल लाइन परियोजना का सातवां स्टेशन होगा, जिसे रेल यातायात के लिए खोला जाएगा। इससे मौजूदा रेल सेवा खोंगसांग से आगे तक विस्तारित होगी और मणिपुर की राजधानी इंफाल को सीधी रेल कनेक्टिविटी प्रदान करने का लक्ष्य और करीब पहुंचेगा।

पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कपिंजल किशोर शर्मा ने यह जानकारी दी।