जालंधर सिटी यार्ड में काम के चलते कई ट्रेनें प्रभावित, चार का बदला मार्ग

उत्तर रेलवे के अमृतसर-जालंधर सिटी रेलखंड में जालंधर सिटी यार्ड के पुल संख्या 28 पर पुराने गर्डरों को हटाकर नए पीएससी स्लैब लगाए जाएंगे। इसके लिए ट्रैफिक और ओएचई ब्लॉक लिया जाएगा। निर्माण कार्य के चलते कई ट्रेनों के मार्ग में बदलाव किया गया है, जबकि कुछ ट्रेनों को रीशेड्यूल और नियंत्रित किया जाएगा।

गाड़ी संख्या 18102 जम्मू तवी-टाटानगर एक्सप्रेस 7 अक्टूबर को पठानकोट-बटाला-अमृतसर-जालंधर सिटी-जालंधर कैंट के बजाय पठानकोट-मुकेरियां-जालंधर कैंट होकर चलेगी। इसके चलते दिनानगर, गुरदासपुर, धारीवाल, बटाला, अमृतसर, ब्यास और जालंधर सिटी स्टेशनों पर इसका ठहराव नहीं होगा।

गाड़ी संख्या 18309 संबलपुर-जम्मू तवी एक्सप्रेस 6 और 8 अक्टूबर को जालंधर कैंट-जालंधर सिटी-अमृतसर-बटाला-पठानकोट के बजाय जालंधर कैंट-मुकेरियां-पठानकोट होकर संचालित होगी। इस दौरान जालंधर सिटी, ब्यास, अमृतसर, बटाला, धारीवाल, गुरदासपुर और दिनानगर स्टेशनों पर ठहराव रद्द रहेगा।

इसी तरह गाड़ी संख्या 11906 होशियारपुर-आगरा कैंट एक्सप्रेस 7 और 9 अक्टूबर को जालंधर सिटी स्टेशन पर नहीं रुकेगी। यह होशियारपुर-जालंधर कैंट-लुधियाना होकर चलेगी। वहीं 11905 आगरा कैंट-होशियारपुर एक्सप्रेस भी 7 और 9 अक्टूबर को जालंधर सिटी स्टेशन पर नहीं रुकेगी और लुधियाना-जालंधर कैंट-होशियारपुर होकर संचालित होगी।

तीन ट्रेनों के समय में भी बदलाव

ब्लॉक के कारण 12926 अमृतसर-बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस 8 अक्टूबर को अमृतसर से 40 मिनट देरी से रवाना होगी और रास्ते में 50 मिनट नियंत्रित की जाएगी। कुल देरी 90 मिनट रहेगी। 10 अक्टूबर को यह ट्रेन 40 मिनट देरी से रवाना होगी और रास्ते में 30 मिनट नियंत्रित की जाएगी।

15708 अमृतसर-कटिहार एक्सप्रेस 8 अक्टूबर को 90 मिनट और 10 अक्टूबर को 60 मिनट देरी से अमृतसर से रवाना होगी। 10 अक्टूबर को रास्ते में 50 मिनट नियंत्रण के कारण कुल देरी 110 मिनट होगी।

11058 अमृतसर-छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस एक्सप्रेस 10 अक्टूबर को अमृतसर से 30 मिनट देरी से रवाना होगी और रास्ते में 30 मिनट नियंत्रित की जाएगी। इससे ट्रेन कुल 60 मिनट प्रभावित रहेगी।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेनों की अद्यतन जानकारी रेलवे हेल्पलाइन 139 या एनटीईएस से प्राप्त करने की अपील की है।