जलंधर कैंट स्टेशन पर रेल कर्मचारी ने लौटाया 1.20 लाख रुपये और जरूरी दस्तावेजों से भरा बैग

फिरोजपुर। रेलवे कर्मचारियों की ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा का उदाहरण पेश करते हुए जलंधर कैंट रेलवे स्टेशन पर एक रेल कर्मचारी ने महिला यात्री का छूटा हुआ बैग सुरक्षित लौटाया। बैग में 1 लाख 20 हजार रुपये नकद, एक पर्स और महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे हुए थे।

22 अक्टूबर 2026 को ट्रेन संख्या 22488 अमृतसर-दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस से यात्रा कर रही एक महिला यात्री का लैपटॉप बैग जल्दबाजी में जलंधर कैंट रेलवे स्टेशन पर छूट गया। बैग छूटने की जानकारी मिलने पर महिला ने अपने परिजनों को सूचित किया। इसके बाद परिजनों ने स्टेशन पर ड्यूटी कर रहे मुख्य टिकट निरीक्षक हेमंत शर्मा को इसकी जानकारी दी।

सूचना मिलते ही हेमंत शर्मा ने तत्परता दिखाते हुए बैग खोज निकाला। सत्यापन के बाद बैग महिला यात्री के परिजन को सुरक्षित सौंप दिया गया। बैग वापस मिलने पर परिजनों ने टिकट जांच कर्मचारियों की ईमानदारी और तत्परता के लिए आभार जताया।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक बसंत कुमार ने हेमंत शर्मा के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि यह घटना रेलवे कर्मचारियों की ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और यात्रियों के प्रति सेवा भावना का उत्कृष्ट उदाहरण है।