जर्जर हो चुके सड़क मार्ग के लिए कोटमार के ग्रामीणों ने किया चक्का जाम…घंटों जाम रहने के बाद अंततः जिलाप्रशासन, पुलिस व कंपनी प्रबंधन का ग्रामीणों के साथ हुआ समझौता…तत्काल मरम्मत कार्य शुरू

रायगढ़ । इंड सिनर्जी लिमिटेड कोटमार के भारी वाहनों के चलने के कारण कोटमार से पतरा पाली तथा कोटमार से महापल्ली सड़क मार्ग काफी जर्जर हो गया है। जगह जगह गड्ढे और कीचड़मय हो जाने के कारण जहां स्कूली बच्चों को स्कूल जाने या फिर आम जनता के लिए आवाजाही बाधित हो रही थी। चूंकि कोटमार और पतरा पाली लैलूंगा विधानसभा क्षेत्र में आता है तथा इस क्षेत्र के विधायक श्रीमती विद्यावती सिदार कांग्रेस से है, ऐसे में इस क्षेत्र का विकास लगभग ठप्प सा हो गया है। जर्जर सड़क मार्ग को लेकर गुस्साए ग्रामीणों ने सरपंच दशरथ पटेल के नेतृत में सुबह 8 बजे से पतरा पाली पूर्व और कोटमार के बीच सैकड़ों ग्रामीण सड़क पर टेंट लगाकर आंदोलन पर बैठ गए। इंड सिनर्जी लिमिटेड की ओर आने वाले भारी वाहनों की जाम लग गई। चक्काजाम की जानकारी पुलिस व जिला प्रशासन को मिलने पर प्रशासन की ओर से नायब तहसीलदार हरनन्दन बंजारे तथा थाना प्रभारी चक्रधर नगर राकेश कुमार अपने टीम के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाइश दी वही इंड सिनर्जी लिमिटेड की ओर से संदीप गोयल तथा देवेंद्र सिंह भी धरना स्थल पहुंच कर पुलिस प्रशासन नायब तहसीलदार और ग्रामीणों के साथ बातचीत कर समझौता किया। कंपनी प्रबंधन द्वारा इस सड़क मार्ग का तत्काल मरम्मत करने का आश्वासन दिया। इसी के साथ ही पिछले 6 घंटे से चल रहा आंदोलन समाप्त कर दिया गया।