जम्मू रेलवे स्टेशन पर भारत सेवाश्रम संघ ने बांटे कंबल, प्रवासी मजदूरों और कुलियों को मिली राहत

जम्मू। ठंड के मौसम में जरूरतमंदों की मदद के लिए भारत सेवाश्रम संघ ने मानव सेवा की मिसाल पेश करते हुए 6 नवंबर को जम्मू रेलवे स्टेशन पर कंबल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान स्टेशन परिसर में मौजूद प्रवासी मजदूरों, श्रमिकों और कुलियों को कंबल वितरित किए गए।

भारत सेवाश्रम संघ के कार्यकर्ताओं ने जरूरतमंदों को कंबल प्रदान करने के साथ उनका हालचाल भी जाना। कंबल मिलने पर लाभार्थियों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली। इस पहल के माध्यम से संगठन ने ठंड के मौसम में जरूरतमंद लोगों को राहत पहुंचाने का प्रयास किया।

इस अवसर पर जम्मू मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने भारत सेवाश्रम संघ के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि ठंड के मौसम में जरूरतमंदों की सहायता करना मानव सेवा का सराहनीय उदाहरण है। समाज में इस तरह के सेवा कार्य दूसरों को भी जरूरतमंदों की मदद के लिए प्रेरित करते हैं। रेलवे प्रशासन ऐसे सामाजिक और मानवीय कार्यों का सदैव स्वागत करता है।

वहीं, कंबल प्राप्त करने वाले लाभार्थियों ने भारत सेवाश्रम संघ और रेलवे प्रशासन का आभार जताया।