छत्तीसगढ़ राज्योत्सव की खुशियों से सजेगी बैकुंठपुर की शाम, रामानुज मिनी स्टेडियम में कल होगा भव्य आयोजन

बैकुंठपुर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के गौरव और उत्साह के बीच कोरिया जिले में 2 नवंबर को राज्योत्सव 2026 का भव्य आयोजन होने जा रहा है। बैकुंठपुर स्थित रामानुज मिनी स्टेडियम में आयोजित होने वाला यह समारोह प्रदेश की विकास यात्रा, शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को आम जनता के सामने प्रस्तुत करने का बड़ा मंच बनेगा। राज्योत्सव की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं की जा रही हैं। सोमवार की शाम सांस्कृतिक रंगों, विकास की झलकियों और छत्तीसगढ़िया गौरव के नाम रहेगी राज्योत्सव में केवल सांस्कृतिक कार्यक्रम ही नहीं, बल्कि शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं और जनहित में किए गए कार्यों की उपलब्धियों का भी विस्तार से बखान किया जाएगा। जिले में विभिन्न विभागों द्वारा अपने-अपने स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां आम नागरिकों को विभागीय योजनाओं, पात्रता, लाभ लेने की प्रक्रिया तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी पहलों की जानकारी दी जाएगी। इन स्टॉलों के माध्यम से लोगों को सरकारी योजनाओं से सीधे जुड़ने और उनकी उपलब्धियों को करीब से समझने का अवसर मिलेगा आयोजन स्थल पर जिले की विकास यात्रा को प्रदर्शित करने के साथ ही शासन की प्राथमिकताओं, जनकल्याणकारी योजनाओं और विभिन्न विभागों के कार्यों की झलक देखने को मिलेगी। शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास, कृषि सहित अन्य विभागों की गतिविधियों और उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। राज्योत्सव के जरिए शासन की योजनाओं को केवल प्रचार-प्रसार तक सीमित न रखते हुए आम नागरिकों को उनके लाभ और उपयोगिता से परिचित कराने पर भी जोर रहेगा।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजेगी शाम, कलाकारों का होगा सम्मान

राज्योत्सव का मुख्य आकर्षण रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। प्रसिद्ध गायक संजय सुरीला, सिद्धार्थ म्यूजिकल ग्रुप सहित अन्य स्थानीय एवं आमंत्रित कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति, कला, संगीत और परंपराओं की झलक कार्यक्रम को खास बनाएगी। जिला प्रशासन द्वारा कार्यक्रम में प्रस्तुति देने वाले कलाकारों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित भी किया जाएगा। यह सम्मान जिले की कला एवं सांस्कृतिक विरासत को समृद्ध बनाने में कलाकारों के योगदान के प्रति सम्मान का प्रतीक होगा।

जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों की रहेगी सहभागिता

कार्यक्रम में जिले के जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, गणमान्य नागरिकों और बड़ी संख्या में आम लोगों की सहभागिता अपेक्षित है। राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित यह समारोह प्रदेश की उपलब्धियों पर गर्व करने, विकास की दिशा को समझने और सांस्कृतिक विरासत को उत्सव के रूप में मनाने का अवसर प्रदान करेगा जिला प्रशासन द्वारा राज्योत्सव को भव्य एवं व्यवस्थित बनाने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। प्रशासन ने जिले के नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में रामानुज मिनी स्टेडियम पहुंचकर राज्योत्सव 2026 में सहभागिता निभाने और इस गौरवपूर्ण आयोजन को सफल बनाने की अपील की है। छत्तीसगढ़ के गौरव, विकास और सांस्कृतिक पहचान का यह उत्सव बैकुंठपुर की शाम को यादगार बनाने जा रहा है।