छठ पूजा को लेकर रेलवे अलर्ट, महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने रायपुर स्टेशन का किया निरीक्षण, 400 यात्रियों के लिए बनाया होल्डिंग एरिया

दीपावली के बाद घरों और कार्यस्थलों पर लौटने वाले यात्रियों तथा आगामी छठ पूजा पर्व पर उमड़ने वाली अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने तैयारियां तेज कर दी हैं। यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराने के लिए विशेष ट्रेनों के संचालन के साथ भीड़ प्रबंधन, टिकटिंग, खानपान और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। इसी क्रम में 10 नवंबर 2026 को दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने रायपुर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया।

महाप्रबंधक ने स्टेशन पर बनाए गए विशेष होल्डिंग एरिया, भीड़ प्रबंधन योजना और सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। अधिकारियों को निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और स्टेशन पर भीड़ को व्यवस्थित तरीके से नियंत्रित किया जाए।

4200 वर्गफीट में तैयार होल्डिंग एरिया

रायपुर रेलवे स्टेशन पर लगभग 4200 वर्गफीट क्षेत्र में होल्डिंग एरिया विकसित किया गया है, जहां करीब 400 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था की गई है। यहां सीसीटीवी कैमरे, पर्याप्त रोशनी, पेयजल और खानपान की सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। यात्रियों को 15 और 20 रुपये में किफायती भोजन तथा 14 रुपये में रेल नीर उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके अलावा निःशुल्क पेयजल की सुविधा भी दी गई है। महाप्रबंधक ने यात्रियों से बातचीत कर सुविधाओं का फीडबैक भी लिया।

टिकटिंग व्यवस्था को बनाया गया आसान

यात्रियों को लंबी कतारों से राहत दिलाने के लिए स्टेशन पर 20 एटीवीएम लगाए गए हैं। इसके साथ ही टिकट काउंटरों की संख्या बढ़ाने और मोबाइल टिकटिंग की सुविधा पर भी जोर दिया गया है। महाप्रबंधक ने आरक्षित और अनारक्षित टिकट केंद्र, क्लॉक रूम, मार्गदर्शन कियोस्क तथा प्लेटफार्म नंबर 1 पर स्थापित डिजिटल बैगेज लॉकर का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रतीक्षालय और स्वस्थ वेटिंग लाउंज में यात्रियों से बातचीत कर सुविधाओं की जानकारी ली।

सीसीटीवी से होगी लगातार निगरानी, 24 घंटे सक्रिय रहेगा वार रूम

स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सीसीटीवी कैमरों और नियंत्रण कक्ष की कार्यप्रणाली की समीक्षा की गई। त्योहारों के दौरान 24 घंटे सक्रिय विशेष वार रूम के माध्यम से विभिन्न स्टेशनों की लाइव तस्वीरों पर नजर रखी जाएगी। वाणिज्यिक, परिचालन, इंजीनियरिंग, विद्युत, सिग्नल एवं दूरसंचार और यांत्रिक विभाग के अधिकारियों तथा कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है, ताकि किसी भी समस्या का तत्काल समाधान किया जा सके।

स्वच्छता और चिकित्सा सुविधाओं पर भी जोर

महाप्रबंधक ने प्रतीक्षालय, शौचालय, पंखे, वातानुकूलन, पेयजल, लिफ्ट और एस्केलेटर जैसी सुविधाओं को सुचारू रखने के निर्देश दिए। स्टेशन परिसर और प्रवेश-निकास द्वारों पर साफ-सफाई तथा यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। खानपान स्टॉलों पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और निर्धारित दरों का पालन कराने के साथ ही आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए एंबुलेंस और चिकित्सा दल की व्यवस्था भी की गई है।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे प्रशासन का कहना है कि त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए सभी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि छठ पूजा सहित पूरे त्योहारी सीजन में यात्रियों को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुविधाजनक रेल यात्रा उपलब्ध कराई जा सके।