छठ पर्व पर रेलवे की सौगात, मुंबई से रक्सौल के लिए चलेगी एकतरफा अनारक्षित स्पेशल ट्रेन; प्रयागराज छिवकी में होगा ठहराव

मुंबई। पूजा, दीपावली एवं छठ महापर्व पर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए मध्य रेलवे ने यात्रियों को राहत देने के लिए लोकमान्य तिलक टर्मिनस से रक्सौल के बीच एकतरफा अनारक्षित स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। इस विशेष ट्रेन का ठहराव प्रयागराज छिवकी सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर दिया गया है, जिससे उत्तर प्रदेश और बिहार जाने वाले यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

रेलवे द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार गाड़ी संख्या 01021 लोकमान्य तिलक टर्मिनस-रक्सौल एकतरफा अनारक्षित स्पेशल 12 नवंबर 2026 को शाम 17:40 बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनस से रवाना होगी। ट्रेन तीसरे दिन सुबह 09:05 बजे रक्सौल पहुंचेगी।

इस विशेष ट्रेन का ठहराव ठाणे, कल्याण, इगतपुरी, नासिक रोड, भुसावल, खंडवा, कटनी, सतना, मानिकपुर, प्रयागराज छिवकी, बक्सर, आरा, पाटलिपुत्र, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी और बैरगनिया स्टेशनों पर होगा।

20 कोच के साथ चलेगी विशेष ट्रेन

यात्रियों की सुविधा के लिए इस ट्रेन में कुल 20 कोच लगाए जाएंगे। इनमें 12 शयनयान श्रेणी, 6 सामान्य द्वितीय श्रेणी और 2 द्वितीय श्रेणी सह गार्ड ब्रेक वैन शामिल हैं।

रेलवे प्रशासन के अनुसार अनारक्षित डिब्बों में सामान्य शुल्क पर यूटीएस प्रणाली के माध्यम से टिकट बुक किए जा सकते हैं। इसके अलावा यात्री रेलवन ऐप के माध्यम से भी टिकट प्राप्त कर सकते हैं।

ट्रेन के ठहराव और विस्तृत समय-सारणी की जानकारी के लिए यात्री रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट www.enquiry.indianrail.gov.in या एनटीईएस ऐप का उपयोग कर सकते हैं। रेलवे की इस पहल से छठ पर्व पर मुंबई से बिहार जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त यात्रा सुविधा मिलेगी।