छठ पर्व पर रेलवे की बड़ी राहत, प्रयागराज छिवकी से होकर गुजरेंगी 4 जोड़ी विशेष ट्रेनें

छठ पर्व पर रेलवे की बड़ी राहत, प्रयागराज छिवकी से होकर गुजरेंगी 4 जोड़ी विशेष ट्रेनें

छठ पर यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने जारी की विशेष ट्रेनों की सूची

प्रयागराज। छठ महापर्व पर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने विशेष ट्रेनों के संचालन की व्यवस्था की है। यात्रियों को सुगम और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लोकमान्य तिलक टर्मिनस, रक्सौल, दरभंगा, हडपसर और जयनगर के बीच विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। इनमें कई ट्रेनें प्रयागराज छिवकी स्टेशन से होकर गुजरेंगी, जिससे उत्तर प्रदेश, बिहार और महाराष्ट्र के यात्रियों को राहत मिलेगी।

रेलवे प्रशासन की ओर से जारी सूची के अनुसार, गाड़ी संख्या 01021 लोकमान्य तिलक टर्मिनस-रक्सौल वन-वे अनारक्षित विशेष ट्रेन 12 नवंबर को लोकमान्य तिलक टर्मिनस से 17:40 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन 13 नवंबर को 17:45 बजे प्रयागराज छिवकी पहुंचेगी और 14 नवंबर को सुबह 09:05 बजे रक्सौल पहुंचेगी। इस ट्रेन में सामान्य श्रेणी के 18 और 2 एसएलआर सहित कुल 20 कोच लगाए गए हैं।

इसी क्रम में गाड़ी संख्या 01031 लोकमान्य तिलक टर्मिनस-रक्सौल वन-वे विशेष ट्रेन 13 नवंबर को 10:00 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन 14 नवंबर को सुबह 10:05 बजे प्रयागराज छिवकी पहुंचेगी और 15 नवंबर को रात 01:25 बजे रक्सौल पहुंचेगी। इस ट्रेन में कुल 20 एलएचबी कोच लगाए जाएंगे, जिनमें वातानुकूलित तृतीय श्रेणी, स्लीपर और सामान्य श्रेणी के कोच शामिल हैं।

वहीं, गाड़ी संख्या 05533/05534 दरभंगा-हडपसर-दरभंगा साप्ताहिक विशेष ट्रेन का संचालन 2-2 फेरों के लिए किया जाएगा। दरभंगा से यह ट्रेन 17 और 24 नवंबर को प्रत्येक मंगलवार रात 19:30 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 08:00 बजे प्रयागराज छिवकी पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 05534 हडपसर से 19 और 26 नवंबर को प्रत्येक गुरुवार सुबह 10:00 बजे रवाना होकर अगले दिन शुक्रवार सुबह 11:00 बजे प्रयागराज छिवकी पहुंचेगी। इस ट्रेन में कुल 22 कोच लगाए जाएंगे।

इसके अलावा गाड़ी संख्या 05535/05536 जयनगर-लोकमान्य तिलक टर्मिनस-जयनगर साप्ताहिक विशेष ट्रेन भी 2-2 फेरों के लिए संचालित होगी। जयनगर से यह ट्रेन 17 और 24 नवंबर को प्रत्येक मंगलवार रात 23:50 बजे रवाना होकर बुधवार दोपहर 14:35 बजे प्रयागराज छिवकी पहुंचेगी। वापसी में लोकमान्य तिलक टर्मिनस से यह ट्रेन 19 और 26 नवंबर को प्रत्येक गुरुवार शाम 19:00 बजे रवाना होकर शुक्रवार रात 22:15 बजे प्रयागराज छिवकी पहुंचेगी। इस ट्रेन में भी कुल 22 कोच लगाए जाएंगे।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन के समय, ठहराव और कोच की स्थिति की जानकारी आधिकारिक एनटीईएस ऐप या रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 से अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।