छठ पर्व पर रेलवे का बड़ा तोहफा, यात्रियों के लिए कई पूजा स्पेशल ट्रेनों का संचालन; प्रयागराज होकर गुजरेंगी कई ट्रेनें

प्रयागराज। छठ महापर्व पर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए उत्तर मध्य रेलवे ने रेल यात्रियों की सुविधा के लिए कई पूजा एवं छठ स्पेशल ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। इन विशेष ट्रेनों के संचालन से मुंबई, दिल्ली, बिहार, उत्तर प्रदेश और दक्षिण भारत के यात्रियों को राहत मिलेगी। खास बात यह है कि कई स्पेशल ट्रेनें प्रयागराज जंक्शन और प्रयागराज छिवकी होकर गुजरेंगी, जिससे प्रयागराज मंडल के यात्रियों को भी अतिरिक्त आवागमन सुविधा मिलेगी।

रेल प्रशासन द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार लोकमान्य तिलक टर्मिनस से दानापुर, छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस से गोरखपुर, आसनसोल से उधना और गया से चेन्नई के लिए एकतरफा विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी। इसके अलावा नई दिल्ली से पटना और दरभंगा के बीच आरक्षित फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें भी संचालित होंगी।

मुंबई से बिहार और गोरखपुर के लिए विशेष ट्रेनें

गाड़ी संख्या 01029 लोकमान्य तिलक टर्मिनस-दानापुर वन-वे स्पेशल 12 नवंबर को रात 23:55 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन 14 नवंबर को सुबह 10:30 बजे दानापुर पहुंचेगी। रास्ते में प्रयागराज छिवकी स्टेशन पर दूसरे दिन रात 00:40 से 00:43 बजे तक ठहराव होगा।

वहीं गाड़ी संख्या 01041 छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस-गोरखपुर अनारक्षित स्पेशल 11 नवंबर को दोपहर 15:30 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन कानपुर सेंट्रल पर 17:45 से 17:50 बजे और लखनऊ में 19:50 से 19:55 बजे तक रुकेगी। 13 नवंबर को सुबह 03:30 बजे गोरखपुर पहुंचेगी।

आसनसोल से उधना और गया से चेन्नई के लिए भी ट्रेन

गाड़ी संख्या 03517 आसनसोल-उधना अनारक्षित स्पेशल 11 और 12 नवंबर को आसनसोल से सुबह 07:00 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन प्रयागराज छिवकी स्टेशन पर रात 22:40 से 22:45 बजे तक ठहरेगी और रात 23:55 बजे उधना पहुंचेगी।

गाड़ी संख्या 03689 गया-एमजीआर चेन्नई सेंट्रल सुपरफास्ट पूजा स्पेशल 17 नवंबर को सुबह 05:30 बजे गया से रवाना होगी। यह ट्रेन प्रयागराज छिवकी स्टेशन पर सुबह 10:30 से 10:35 बजे तक ठहरेगी और अगले दिन बुधवार को शाम 16:20 बजे चेन्नई सेंट्रल पहुंचेगी।

दिल्ली से पटना और दरभंगा के लिए आरक्षित स्पेशल ट्रेनें

गाड़ी संख्या 04068/04067 नई दिल्ली-पटना-नई दिल्ली आरक्षित फेस्टिवल स्पेशल का संचालन 12 और 13 नवंबर को किया जाएगा। नई दिल्ली से यह ट्रेन 12 नवंबर को शाम 19:00 बजे रवाना होकर 13 नवंबर को दोपहर 15:00 बजे पटना पहुंचेगी। वापसी में 13 नवंबर को शाम 18:00 बजे पटना से चलकर अगले दिन दोपहर 14:00 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। दोनों दिशाओं में प्रयागराज जंक्शन पर ठहराव दिया गया है।

इसी तरह गाड़ी संख्या 04080/04079 नई दिल्ली-दरभंगा-नई दिल्ली आरक्षित फेस्टिवल स्पेशल 12 और 14 नवंबर को संचालित होगी। नई दिल्ली से 12 नवंबर को रात 22:30 बजे रवाना होकर यह ट्रेन 13 नवंबर को रात 01:00 बजे दरभंगा पहुंचेगी। वापसी में 14 नवंबर को सुबह 04:00 बजे दरभंगा से रवाना होकर 15 नवंबर को सुबह 07:50 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। इस ट्रेन का ठहराव प्रयागराज जंक्शन और कानपुर सेंट्रल पर भी होगा।

ग्वालियर-बरौनी के बीच भी चलेंगी दो जोड़ी विशेष ट्रेनें

छठ पर्व पर यात्रियों की सुविधा के लिए ग्वालियर-बरौनी-ग्वालियर के बीच भी दो विशेष ट्रेनें संचालित की जाएंगी। ट्रेन संख्या 04111 ग्वालियर-बरौनी स्पेशल 12 नवंबर को दोपहर 14:15 बजे ग्वालियर से रवाना होकर अगले दिन दोपहर 12:15 बजे बरौनी पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 04112 बरौनी-ग्वालियर स्पेशल 13 नवंबर को दोपहर 13:45 बजे रवाना होकर 14 नवंबर को दोपहर 12:20 बजे ग्वालियर पहुंचेगी।

इसके अतिरिक्त ट्रेन संख्या 04101 ग्वालियर-बरौनी स्पेशल 13 नवंबर को दोपहर 14:15 बजे ग्वालियर से रवाना होकर 14 नवंबर को दोपहर 12:15 बजे बरौनी पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 04102 बरौनी-ग्वालियर स्पेशल का संचालन 14 नवंबर को किया जाएगा। यह ट्रेन दोपहर 13:45 बजे बरौनी से रवाना होकर 15 नवंबर को दोपहर 12:20 बजे ग्वालियर पहुंचेगी।

इन दोनों विशेष ट्रेनों का ठहराव इटावा, गोविंदपुरी, फतेहपुर, प्रयागराज जंक्शन, ज्ञानपुर रोड, वाराणसी, गाजीपुर सिटी, बलिया, छपरा, सोनपुर और हाजीपुर सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर होगा। दोनों ट्रेनों में सामान्य और शयनयान श्रेणी सहित कुल 20-20 कोच लगाए जाएंगे।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेनों के अद्यतन समय, ठहराव और कोच की स्थिति की जानकारी एनटीईएस ऐप या रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 से अवश्य प्राप्त कर लें।