घर के बाहर बंधी एक लाख रुपये से अधिक की भैंस चोरी, ग्रामीणों में दहशत

आलापुर (अंबेडकरनगर)। राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र के फरीदपुर हेठरिया गांव में मंगलवार देर रात चोर घर के बाहर खूंटे से बंधी एक कीमती भैंस चोरी कर ले गए। भैंस की कीमत एक लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

फरीदपुर हेठरिया निवासी रामचन्दर सिंह वर्मा पुत्र सीताराम वर्मा का घर सिंघलपट्टी-पदुमपुर संपर्क मार्ग के किनारे स्थित है। मंगलवार रात उनकी भैंस घर के बाहर बंधी हुई थी। देर रात अज्ञात चोर भैंस को खोलकर ले गए। सुबह परिवार के लोग जागे तो खूंटे से भैंस गायब मिली। इसके बाद पीड़ित परिवार ने डायल 112 पर सूचना दी।

पीड़ित रामचन्दर सिंह वर्मा ने राजेसुल्तानपुर थाने में शिकायती प्रार्थना पत्र देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में पशु चोरी की घटनाएं आए दिन सामने आती रहती हैं। उनका आरोप है कि प्रभावी कार्रवाई नहीं होने के कारण पशु चोरों के हौसले बढ़े हुए हैं। बीते दिनों थाना क्षेत्र के आराजी देवारा गांव से भी दो भैंस चोरी होने का मामला सामने आया था।

लगातार हो रही पशु चोरी की घटनाओं को लेकर ग्रामीणों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने और चोरियों का खुलासा कर पशुधन बरामद किए जाने की मांग की है।