गोमती एक्सप्रेस में महिला यात्री का पर्स चुराने वाला गिरफ्तार, चांदी की पायल और मंगलसूत्र बरामद

कासगंज। गोमती एक्सप्रेस में सफर के दौरान महिला यात्री का पर्स चोरी करने के मामले में जीआरपी कासगंज ने आरोपी राजू को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से चोरी की गई चांदी की एक जोड़ी पायल, मंगलसूत्र और रुपये बरामद किए गए हैं। आरोपी को 23 अक्टूबर की सुबह कासगंज रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक से गिरफ्तार किया गया। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद उसे जेल भेज दिया गया।

जीआरपी के अनुसार, फर्रुखाबाद जिले के फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के राजन नगला भोलेपुर निवासी प्रमोद कुमार पांच अक्टूबर को अपनी पुत्रवधू नीलम के साथ गोमती एक्सप्रेस में जयपुर से फर्रुखाबाद की यात्रा कर रहे थे। दोनों स्लीपर कोच में सवार थे। यात्रा के दौरान अज्ञात चोर नीलम का लेडीज पर्स चोरी कर ले गया था। पर्स में चांदी की एक जोड़ी पायल, मंगलसूत्र और कुछ रुपये रखे थे। यात्रा पूरी होने के बाद प्रमोद कुमार ने जीआरपी फर्रुखाबाद में जीरो एफआईआर दर्ज कराई थी। बाद में मामला जीआरपी कासगंज स्थानांतरित होने पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

थानाध्यक्ष कोमल कुन्तल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मामले की जांच करते हुए 23 अक्टूबर को आरोपी राजू पुत्र वीरसहाय निवासी ग्राम भड़पुरा, थाना सोरों, कासगंज को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से चोरी का सामान और रुपये बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ कासगंज और मथुरा जीआरपी सहित विभिन्न थानों में चोरी के मामले दर्ज हैं।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ वर्ष 2021 में सोरों क्षेत्र में भैंस चोरी, वर्ष 2023 में मथुरा जीआरपी क्षेत्र में जम्मूतवी एक्सप्रेस में यात्री का सामान चोरी करने और नवंबर 2024 में हजरत निजामुद्दीन स्पेशल एक्सप्रेस में चोरी का मामला दर्ज है। इसके अलावा गोमती एक्सप्रेस में चोरी के वर्तमान मामले में भी उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष कोमल कुन्तल, उपनिरीक्षक सत्यपाल सिंह, हेड कांस्टेबल सतीश कुमार तथा कांस्टेबल भागीरथ और संजय सिंह शामिल रहे।