खेरागढ़ में बिजली चोरी पर बड़ी कार्रवाई, 15 लोगों के खिलाफ एफआईआर

पत्रकार सुमित गर्ग,

खेरागढ़, आगरा। जिलाधिकारी आगरा के निर्देश पर बिजली विभाग ने शुक्रवार और शनिवार को हाई-लॉस फीडरों तथा सैंया और खेरागढ़ थाना क्षेत्रों के हाई-लॉस गांवों में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान विभिन्न गांवों में कई स्थानों पर जांच की गई। बिजली चोरी के मामलों में 15 लोगों के खिलाफ विद्युत अधिनियम, 2003 की धारा 135 के तहत आगरा के कमला नगर स्थित एंटी-इलेक्ट्रिसिटी थेफ्ट थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है। संबंधित लोगों पर भारी जुर्माना लगाने की कार्रवाई भी की जा रही है।

विभागीय कार्रवाई के दौरान तेहरा गांव में हरगोविंद, मुरारी, जितेंद्र सिंह और अनिल, सिकंदरपुर में प्रेमशंकर, अशोक लवानिया, अमर सिंह और बांकेलाल, बिराई में लवकुश शर्मा, गढ़ी खानपुर में दिनेश तथा नगला शब्दल अयेला में छीतरिया, बबलू, उदय सिंह और हितेश के खिलाफ कार्रवाई की गई।

चेकिंग अभियान में एसडीओ अरविंद कुमार, अवर अभियंता (जेई) विजय कुमार और विकास विश्वकर्मा, टीजी-2 कर्मचारी धर्मेंद्र सिंह और प्रवीण सारस्वत सहित संविदा कर्मचारी हरिश्चंद्र, राजकुमार, अवधेश, सुनहरी खान और केशव शामिल रहे।

 

सुबह पांच और शाम सात बजे होगी चेकिंग

एसडीओ अरविंद कुमार ने बताया कि हाई-लॉस फीडरों और अधिक बिजली हानि वाले गांवों में बिजली चोरी रोकने के लिए नियमित चेकिंग के निर्देश दिए गए हैं। इसके तहत प्रतिदिन सुबह पांच बजे और शाम सात बजे निरीक्षण किया जाएगा। उन्होंने बकायेदार उपभोक्ताओं से समय पर बिजली बिल जमा करने और बिजली चोरी से बचने की अपील की।

उन्होंने स्पष्ट किया कि बकाया भुगतान न करने के कारण जिन उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटे जा चुके हैं, वे बकाया राशि जमा किए बिना दोबारा बिजली का इस्तेमाल न करें। ऐसा करने पर विद्युत अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

? अरविंद कुमार, एसडीओ, खेरागढ़, आगरा