खुशियों के पर्व दीपावली पर नगर पंचायत अध्यक्ष ममता जायसवाल ने सफाई कर्मियों को बांटी मिठाई-बर्तन भेंट कर किया सम्मान

ऊंचाहार,रायबरेली।दीपावली के पावन पर्व पर नगर पंचायत ऊंचाहार की अध्यक्ष ममता जायसवाल ने एक बार फिर दिल जीत लिया।उन्होंने नगर पंचायत के सभी सफाई कर्मियों और निकाय कर्मियों को मिठाई और बर्तन भेंट कर दीपावली की शुभकामनाएं दीं और उनका सम्मान किया।नगर पंचायत कार्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में अध्यक्ष ममता जायसवाल ने खुद अपने हाथों से सफाई कर्मियों को मिठाई का डिब्बा और बर्तनों का सेट दिया।इस दौरान उन्होंने सभी कर्मियों को माला पहनाकर और तिलक लगाकर सम्मानित भी किया।इस मौके पर अध्यक्ष ममता जायसवाल ने कहा कि ऊंचाहार को स्वच्छ और सुंदर बनाने में सफाई कर्मियों का सबसे बड़ा योगदान है। चाहे बारिश हो, धूप हो या त्योहार,ये कर्मी सुबह से ही शहर की सफाई में जुट जाते हैं।इन्हीं की मेहनत से नगर चमकता है।इसलिए दीपावली की असली खुशी इन्हीं के साथ मनाई जानी चाहिए।उन्होंने कहा कि सफाई कर्मी ही नगर के असली हीरो हैं। उनकी मेहनत और समर्पण के बिना स्वच्छ ऊंचाहार की कल्पना नहीं की जा सकती। निकाय परिवार हमेशा उनके सुख-दुख में साथ खड़ा रहेगा।कार्यक्रम में सफाई कर्मियों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी। कर्मियों ने कहा कि अध्यक्ष जी हर साल त्योहार पर उन्हें याद करती हैं और सम्मान देती हैं, इससे उनका मनोबल बढ़ता है और काम करने की ऊर्जा मिलती है।इस दौरान नगर पंचायत कर्मचारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सभी ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं और स्वच्छता का संकल्प लिया।अंत में अध्यक्ष ने सभी नगरवासियों से अपील की कि दीपावली पर अपने घरों के साथ-साथ अपने आसपास की सफाई का भी ध्यान रखें और सफाई कर्मियों का सम्मान करें।