खाकी की कलाई पर सजी राखी, बहनों ने जताया सम्मान

कायमगंज। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर शहर में भावनाओं से भरा अनूठा आयोजन हुआ। साहसी बालिका संस्था की ओर से खुशबू मिश्रा और शिल्की मिश्रा के नेतृत्व में खाकी वाली राखी कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें बहनों ने पुलिस अधिकारियों और जवानों की कलाई पर राखी बांधकर उनके प्रति सम्मान, विश्वास और सुरक्षा के भाव प्रकट किए।

कार्यक्रम में कायमगंज क्षेत्राधिकारी अभय वर्मा, थाना प्रभारी विनोद शुक्ला, क्राइम प्रभारी, मंडी चौकी प्रभारी और कस्बा चौकी प्रभारी समेत कई पुलिसकर्मियों को राखी बांधी गई। बहनों ने पुलिस परिवार की सुख-समृद्धि और सुरक्षित जीवन की कामना की। वहीं पुलिस अधिकारियों ने भी समाज की सुरक्षा और हर बहन की रक्षा का संकल्प दोहराया।

राखी बांधने के दौरान माहौल भाई-बहन के अटूट रिश्ते, विश्वास और सम्मान की भावना से सराबोर रहा। संस्था की ओर से दिव्या, अंजू, संजना, नेहा, किरण, कनक, गौरी समेत अन्य सदस्य भी मौजूद रहीं।

आयोजन की मौजूद लोगों ने सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम पुलिस और समाज के बीच आपसी विश्वास को मजबूत करते हैं। खाकी वाली राखी केवल एक सांकेतिक आयोजन नहीं, बल्कि भरोसे, सुरक्षा और सम्मान का सशक्त संदेश बनकर उभरा।