किसानों की समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन टिकैत ने उठाई आवाज, डीएम को सौंपा ज्ञापन

पीलीभीत। किसानों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। यूनियन के जिला अध्यक्ष गुरदीप सिंह गोगी की ओर से दिए गए ज्ञापन में धान खरीद, राइस मिलों की जांच, गन्ना किसानों के भुगतान, नहरों की सफाई, आवारा पशुओं, विद्युत व्यवस्था सहित कई मुद्दे उठाए गए हैं।
ज्ञापन में मांग की गई है कि किसानों की सुविधा के लिए धान क्रय केंद्र एवं पंजीकरण पोर्टल सुगम स्थानों पर खोले जाएं, ताकि किसानों को पंजीकरण और फसल बिक्री के लिए परेशानी न उठानी पड़े। साथ ही धान खरीद केंद्रों की संख्या पिछले वर्ष की तुलना में बढ़ाने की मांग की गई है।
यूनियन ने राइस मिलों की जांच, मॉइस्चर मीटर और कांटों की जांच कराने की मांग भी की है। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि कुछ स्थानों पर धान बिक्री के दौरान किसानों से कटौती की शिकायतें सामने आती हैं। यूनियन ने ऐसी अवैध वसूली पर रोक लगाने तथा प्रत्येक राइस मिल के धर्मकांटे पर स्पष्ट सूचना बोर्ड लगाने की मांग की है।
गन्ना किसानों के भुगतान का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। यूनियन ने चीनी मिलें चलने से पहले किसानों का पिछला बकाया भुगतान कराने तथा क्रय केंद्रों पर घटतौली रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था करने की मांग की। मिल परिसर में किसानों के लिए मौसम के अनुसार बैठने, पेयजल, पंखे और साफ-सफाई वाले शौचालय की व्यवस्था कराने की बात भी ज्ञापन में कही गई है।
इसके अलावा नहरों की तत्काल सफाई एवं मरम्मत कराकर टेल तक पानी पहुंचाने की मांग की गई। यूनियन का कहना है कि नहरों की लापरवाही से किसानों की फसलों को नुकसान हो सकता है।
ज्ञापन में आवारा पशुओं से फसल और सड़क दुर्घटनाओं की समस्या का भी उल्लेख किया गया। यूनियन ने विशेष टीम गठित कर आवारा पशुओं को पकड़कर गोशालाओं में पहुंचाने की मांग की है।
वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली कटौती और विद्युत लोड बढ़ने से होने वाली परेशानियों को लेकर भी विभाग से तत्काल व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की गई। यूनियन ने चेतावनी दी कि किसानों की समस्याओं का समय से समाधान नहीं होने पर संगठन आंदोलन के लिए बाध्य होगा।
भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) ने प्रशासन से किसानों की उक्त समस्याओं पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई कर राहत दिलाने की मांग की है।