कासगंज पुलिस ने 32 लाख के 120 गुम मोबाइल बरामद कर लौटाए, पांच राज्यों में तलाश के बाद मिली सफलता

कासगंज। जिले में गुम हुए 120 मोबाइल फोन बरामद कर कासगंज पुलिस ने उनके मालिकों को सौंप दिए। बरामद मोबाइलों की कीमत करीब 32 लाख रुपये है। साइबर सेल ने सीईआईआर पोर्टल और आईएमईआई नंबरों की मदद से उत्तर प्रदेश समेत दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और मध्य प्रदेश के विभिन्न स्थानों से मोबाइल बरामद किए। शुक्रवार को मोबाइल स्वामियों का सत्यापन कर फोन उन्हें सौंपे गए।

पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह के निर्देशन में मिशन शक्ति 6.0 अभियान के तहत गुम मोबाइलों की बरामदगी के लिए विशेष अभियान चलाया गया। अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी साइबर अपराध एवं पटियाली अमित कुमार के नेतृत्व में साइबर सेल तथा जिले के सभी थानों पर तैनात साइबर हेल्प डेस्क कर्मियों ने मोबाइलों की तलाश की। तकनीकी माध्यमों से मोबाइलों की लोकेशन का पता लगाकर पुलिस ने उन्हें बरामद किया।

मोबाइल वापस मिलने पर स्वामियों ने खुशी जताते हुए कासगंज पुलिस का आभार व्यक्त किया। मोबाइल बरामद करने वाली टीम में साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक सोनू सिंह, हेड कांस्टेबल भूपेंद्र सिंह तथा कांस्टेबल विवेक कुमार, विजन कुमार, अनुज कुमार, सुखवीर सिंह और स्वप्निल सिवाच शामिल रहे।