कसारा में 7 से 18 अक्टूबर तक 12 दिनों का विशेष ब्लॉक, कई ट्रेनें प्रभावित

मुंबई। मध्य रेल द्वारा आसनगांव-कसारा तीसरी रेल लाइन परियोजना और कसारा यार्ड में अप यार्ड लाइन के विस्तार से जुड़े कार्यों के लिए 7 अक्टूबर से 18 अक्टूबर 2026 तक 12 दिनों का विशेष यातायात एवं पावर ब्लॉक लिया जाएगा। इस ब्लॉक के चलते उपनगरीय, मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया गया है। यात्रियों को होने वाली असुविधा के लिए मध्य रेल ने खेद जताया है।

पहले चरण में 7 और 8 अक्टूबर को दोपहर 3:35 बजे से रात 8:35 बजे तक, जबकि 9 अक्टूबर को रात 12:30 बजे से सुबह 5:30 बजे तक ब्लॉक रहेगा। ब्लॉक कसारा-खर्डी तथा उंबरमाली-कसारा के बीच अप और डाउन मुख्य लाइन के साथ प्लेटफॉर्म संख्या 1, 3, 4 और अप यार्ड में लिया जाएगा।

ब्लॉक के दौरान आसनगांव और कसारा के बीच लोकल सेवा उपलब्ध नहीं रहेगी। 7 और 8 अक्टूबर को सीएसएमटी से कसारा जाने वाली 13:10, 14:17, 14:46 और 16:50 बजे की लोकल ट्रेनें आसनगांव पर ही समाप्त होंगी। वहीं कसारा से सीएसएमटी जाने वाली 15:35, 16:16, 17:02 और 18:17 बजे की लोकल ट्रेनें आसनगांव से शुरू की जाएंगी।

7 और 8 अक्टूबर को ब्लॉक से पहले कसारा जाने वाली अंतिम लोकल सीएसएमटी से दोपहर 12:30 बजे तथा सीएसएमटी जाने वाली अंतिम लोकल कसारा से दोपहर 2:42 बजे रवाना होगी। ब्लॉक के बाद कसारा के लिए पहली लोकल सीएसएमटी से शाम 6:28 बजे और सीएसएमटी के लिए पहली लोकल कसारा से रात 8:35 बजे चलेगी।

कई लंबी दूरी की ट्रेनें होंगी प्रभावित

ब्लॉक के कारण कई मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को पुनर्निर्धारित किया गया है। एलटीटी-बनारस एक्सप्रेस, एलटीटी-पाटलिपुत्र एक्सप्रेस, सीएसएमटी-अमृतसर एक्सप्रेस, सीएसएमटी-बनारस महानगरी एक्सप्रेस और एलटीटी-गोरखपुर कुशीनगर एक्सप्रेस के प्रस्थान समय में बदलाव किया गया है।

इसके अलावा गोरखपुर-एलटीटी एक्सप्रेस, पुष्पक एक्सप्रेस, अयोध्या कैंट-एलटीटी एक्सप्रेस, बलिया-दादर एक्सप्रेस और ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों को इगतपुरी में निर्धारित समय के लिए रोका जाएगा। दादर-गोरखपुर एक्सप्रेस को खर्डी में एक घंटे तथा एलटीटी-राजगीर एक्सप्रेस को अटगांव में 30 मिनट के लिए नियंत्रित किया जाएगा।

भुसावल मंडल में भी कई ट्रेनों को 30 मिनट से लेकर एक घंटे 25 मिनट तक नियंत्रित किया जाएगा। इनमें हरिद्वार-एलटीटी वातानुकूलित एक्सप्रेस, सीतापुर-एलटीटी सुपरफास्ट, गीतांजलि एक्सप्रेस, तपोवन एक्सप्रेस, शालीमार-एलटीटी एक्सप्रेस, हावड़ा-सीएसएमटी मेल और साईनगर शिर्डी-दादर एक्सप्रेस शामिल हैं।

ब्लॉक के कारण ट्रेनों को नियंत्रित करने और एक साथ कई ट्रेनों के पहुंचने से कुछ ट्रेनों के देरी से चलने की भी संभावना है। इनमें साईनगर शिर्डी-सीएसएमटी वंदे भारत, कामायनी एक्सप्रेस, अमृतसर-सीएसएमटी एक्सप्रेस, कुशीनगर एक्सप्रेस, सीएसएमटी-नागपुर सेवाग्राम एक्सप्रेस, नंदीग्राम एक्सप्रेस, सीएसएमटी-हावड़ा दुरंतो एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनें शामिल हैं।

मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. स्वप्नील नीला ने बताया कि यह कार्य रेल बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, भविष्य में लाइन क्षमता बढ़ाने और यात्री संरक्षा के लिए आवश्यक है। 9 अक्टूबर के बाद होने वाले ब्लॉक की विस्तृत जानकारी उचित समय पर अलग से जारी की जाएगी।