उत्तर मध्य रेलवे में ग्रुप डी कर्मचारियों के लिए स्वास्थ्य जागरूकता और जांच शिविर, 160 कर्मचारियों ने लिया हिस्सा

उत्तर मध्य रेलवे में ग्रुप डी कर्मचारियों के लिए स्वास्थ्य जागरूकता और जांच शिविर, 160 कर्मचारियों ने लिया हिस्सा

विशेष अभियान 6.0 के तहत कर्मचारियों के स्वास्थ्य पर जोर

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे में विशेष अभियान 6.0 के तहत ग्रुप डी कर्मचारियों के स्वास्थ्य और कल्याण को प्राथमिकता देते हुए सोमवार को सेंट्रल हॉस्पिटल और मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, प्रयागराज में स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम एवं जांच शिविरों का आयोजन किया गया। महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित इस पहल का उद्देश्य कर्मचारियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और समय रहते बीमारियों की पहचान सुनिश्चित करना रहा।

सेंट्रल हॉस्पिटल में आयोजित स्वास्थ्य जागरूकता संगोष्ठी की अध्यक्षता चिकित्सा निदेशक डॉ. राकेश निगम ने की। उन्होंने रेलवे परिचालन में अग्रिम पंक्ति के कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका बताते हुए नियमित स्वास्थ्य जांच, निवारक स्वास्थ्य देखभाल और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने पर जोर दिया।

कार्यक्रम के दौरान चिकित्सा विशेषज्ञों ने कर्मचारियों को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। डॉ. ऊषा यादव ने निवारक स्वास्थ्य देखभाल के उपायों के बारे में बताया, जबकि डॉ. रोहित कुमार ने कार्यस्थल पर स्वास्थ्य प्रबंधन और दैनिक जीवन में स्वस्थ रहने के लिए जरूरी सुझाव साझा किए। वरिष्ठ आहार विशेषज्ञ ने संतुलित भोजन, खान-पान में आवश्यक बदलाव और जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों के प्रबंधन के बारे में जानकारी दी।

इस स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम में कुल 160 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इसके साथ ही सेंट्रल हॉस्पिटल और मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय परिसर में कर्मचारियों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाए गए। मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय परिसर में आयोजित शिविर में 87 कर्मचारियों की स्वास्थ्य जांच की गई। इस दौरान कर्मचारियों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श और आवश्यक चिकित्सकीय सलाह भी उपलब्ध कराई गई।

विशेष अभियान 6.0 के तहत आयोजित यह पहल रेलवे कर्मचारियों को स्वस्थ रखने, बीमारियों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और कार्यस्थल पर बेहतर स्वास्थ्य वातावरण विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उत्तर मध्य रेलवे का यह प्रयास कर्मचारियों के स्वास्थ्य कल्याण और सुरक्षित कार्यप्रणाली को बढ़ावा देने पर केंद्रित है।