उत्तर मध्य रेलवे ने तीन एक्सप्रेस ट्रेनों की समय-सारिणी में किया बदलाव नवंबर से लागू होगी नई समय-सारिणी, इटावा, गोविंदपुरी, फतेहपुर और भिंड समेत कई स्टेशनों पर बदलेगा ठहराव समय

प्रयागराज। परिचालनिक कारणों के चलते उत्तर मध्य रेलवे ने तीन एक्सप्रेस ट्रेनों की समय-सारिणी में संशोधन किया है। नई समय-सारिणी संबंधित ट्रेनों के प्रारंभिक स्टेशन से नवंबर 2026 में निर्धारित तिथियों से प्रभावी होगी। यात्रियों को सलाह दी गई है कि यात्रा से पहले संशोधित समय-सारिणी की जानकारी अवश्य कर लें।

गाड़ी संख्या 19525 हापा-नाहरलागुन एक्सप्रेस की संशोधित समय-सारिणी 4 नवंबर 2026 से लागू होगी। इसके तहत भिंड स्टेशन पर ट्रेन के आगमन-प्रस्थान का समय रात 2:10 से 2:12 बजे रहेगा, जबकि वर्तमान समय 2:30 से 2:32 बजे है। इटावा में ट्रेन अब सुबह 3:00 से 3:02 बजे के बजाय संशोधित समय पर पहुंचेगी और गोविंदपुरी में इसका ठहराव सुबह 4:50 से 4:55 बजे होगा। प्रयागराज में ट्रेन का समय भी बदलकर सुबह 8:15 से 8:20 बजे कर दिया गया है। ग्वालियर स्टेशन पर समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

गाड़ी संख्या 20961 उधना-बनारस एक्सप्रेस की नई समय-सारिणी 3 नवंबर 2026 से प्रभावी होगी। इटावा में ट्रेन का समय सुबह 3:00 से 3:02 बजे, गोविंदपुरी में 4:50 से 4:55 बजे और फतेहपुर में 5:53 से 5:55 बजे रहेगा। प्रयागराज स्टेशन पर इसके वर्तमान समय में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है।

वहीं, गाड़ी संख्या 20962 बनारस-उधना एक्सप्रेस की संशोधित समय-सारिणी 4 नवंबर 2026 से लागू होगी। प्रयागराज से ट्रेन अब शाम 7:50 से 7:55 बजे रवाना होगी। फतेहपुर में इसका समय रात 9:05 से 9:07 बजे, गोविंदपुरी में 10:30 से 10:35 बजे, इटावा में रात 12:40 से 12:45 बजे तथा भिंड में रात 1:21 से 1:23 बजे रहेगा।

इसके अलावा सोनी स्टेशन पर ट्रेन का संशोधित समय रात 1:40 से 1:42 बजे और मालनपुर में रात 2:08 से 2:10 बजे रहेगा। ग्वालियर स्टेशन पर इस ट्रेन के वर्तमान समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा की योजना बनाते समय संशोधित समय-सारिणी का ध्यान रखें, ताकि ट्रेन पकड़ने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।