उत्तर पश्चिम रेलवे ने पांच माह में 13.592 मिलियन टन माल का किया परिवहन, 12.1 प्रतिशत की वृद्धि

उत्तर पश्चिम रेलवे ने पांच माह में 13.592 मिलियन टन माल का किया परिवहन, 12.1 प्रतिशत की वृद्धि

राजस्थान का लाइम स्टोन रेल मार्ग से देश के विभिन्न हिस्सों तक पहुंचाया जा रहा, अगस्त में माल लदान 14.9 प्रतिशत बढ़ा

जयपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे ने माल परिवहन के क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन करते हुए चालू वित्तीय वर्ष में अप्रैल से अगस्त 2026 तक 13.592 मिलियन टन माल लदान किया है। पिछले वर्ष की इसी अवधि में 12.129 मिलियन टन माल लदान किया गया था। इस तरह इस वर्ष माल लदान में 12.1 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।

उत्तर पश्चिम रेलवे की ओर से माल परिवहन को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। राजस्थान से निकलने वाले लाइम स्टोन सहित विभिन्न प्रकार के माल को रेल मार्ग के माध्यम से देश के अलग-अलग हिस्सों तक पहुंचाया जा रहा है। इससे स्थानीय उद्योगों को बेहतर और सुविधाजनक परिवहन व्यवस्था मिलने के साथ व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिल रही है।

केवल अगस्त 2026 में 2.741 मिलियन टन माल का लदान किया गया, जबकि अगस्त 2025 में 2.386 मिलियन टन माल लदान हुआ था। इस प्रकार अगस्त में भी माल लदान में 14.9 प्रतिशत की शानदार बढ़ोतरी दर्ज की गई।

कार्यकुशलता में भी बेहतर प्रदर्शन

माल लदान में वृद्धि के साथ उत्तर पश्चिम रेलवे ने कार्यकुशलता के क्षेत्र में भी बेहतर प्रदर्शन किया है। अगस्त 2026 में रेलवे का ऑपरेटिंग रेशियो 88.96 प्रतिशत रहा। यह आय और व्यय के प्रभावी प्रबंधन तथा उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग को दर्शाता है।

रेल प्रशासन द्वारा माल ग्राहकों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए माल लदान की प्रक्रिया को और अधिक सुगम बनाने तथा नई-नई कमोडिटीज को रेल परिवहन से जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। रेल मार्ग से माल परिवहन बढ़ने से स्थानीय उद्योगों, व्यापारिक गतिविधियों और रोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा मिल रहा है।

उत्तर पश्चिम रेलवे का यह प्रदर्शन माल परिवहन को मजबूत करने के साथ-साथ राजस्थान के खनिज एवं औद्योगिक उत्पादों को देश के विभिन्न क्षेत्रों तक पहुंचाने में रेलवे की बढ़ती भूमिका को दर्शाता है।