उझानी स्टेशन पर नुक्कड़ नाटक से यात्रियों को रेल सुरक्षा के प्रति किया जागरूक

बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल की ओर से उझानी रेलवे स्टेशन पर रेल यात्रियों और आमजन को सुरक्षित रेल यात्रा के प्रति जागरूक करने के लिए जनजागरूकता अभियान चलाया गया। मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी रजत प्रताप सिंह के निर्देशन में स्टेशन परिसर, प्लेटफार्म और समपार संख्या 286/ए पर अभियान आयोजित किया गया।

अभियान के दौरान नुक्कड़ नाटक के माध्यम से यात्रियों को रेल यात्रा के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी गई। लोगों को ज्वलनशील और विस्फोटक पदार्थ साथ लेकर यात्रा नहीं करने, ट्रेन के अंदर धूम्रपान से बचने तथा ट्रेन के पायदान और छत पर यात्रा नहीं करने की अपील की गई।

यात्रियों को प्लेटफार्म बदलते समय फुट ओवर ब्रिज का इस्तेमाल करने और बंद समपार फाटक को अनधिकृत तरीके से पार नहीं करने के लिए भी जागरूक किया गया। इसके साथ ही रेलवे ट्रैक और समपार फाटक पार करते समय हेडफोन का इस्तेमाल नहीं करने, रेलवे ट्रैक के किनारे मवेशी नहीं चराने तथा रेलवे ट्रैक और विद्युत पोल से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की जानकारी दी गई।

रेलवे की ओर से लोगों को रेलवे ट्रैक के आसपास पतंग नहीं उड़ाने और किसी भी तरह की लापरवाही से बचने के लिए भी प्रेरित किया गया। रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की कि वे स्वयं सुरक्षित रहें और दूसरों को भी सुरक्षित रेल यात्रा के प्रति जागरूक करें।