इज्जतनगर मंडल में ‘कबाड़ से कला’ की पहल, रेलकर्मियों ने दिया स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश

बरेली। ?स्वच्छता ही सेवा-2026? अभियान के तहत पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल में ?स्वच्छता से समृद्धि अभियान? चलाया गया। मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान के दौरान विभिन्न स्टेशनों और रेल परिसरों में ?कबाड़ से जुगाड़ और कबाड़ से कला? विषय पर कार्यक्रम आयोजित किए गए।

अभियान के तहत मंडल के लोको शेड, ट्रेन सेट एवं यांत्रिक कारखाना इज्जतनगर के साथ-साथ समाडि डिपो, काठगोदाम, टनकपुर, कासगंज और रामनगर में रेलकर्मियों ने स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान अनुपयोगी रेल सामग्री और स्क्रैप को अलग-अलग किया गया।

रेल परिसरों में पड़े पुराने उपकरणों, कोच के बेकार पुर्जों, लोहे के टुकड़ों और अन्य धातु स्क्रैप को एकत्र कर उनका बेहतर उपयोग करने के प्रति रेलकर्मियों को जागरूक किया गया। अभियान के माध्यम से अनुपयोगी सामग्री को अलग कर उसे पुनः उपयोग में लाने, संसाधनों की बचत करने और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।

रेल प्रशासन का उद्देश्य ?कबाड़ से जुगाड़ और कबाड़ से कला? जैसी पहल के माध्यम से स्वच्छता को केवल सफाई तक सीमित न रखते हुए अनुपयोगी वस्तुओं के रचनात्मक एवं उपयोगी पुनः इस्तेमाल को प्रोत्साहित करना है। इससे रेल परिसरों को स्वच्छ रखने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और संसाधनों के बेहतर प्रबंधन को भी बढ़ावा मिल रहा है।

इज्जतनगर मंडल ने यात्रियों से भी अपील की है कि वे रेलवे परिसरों और ट्रेनों में स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें तथा कचरे को निर्धारित स्थान पर ही डालें। मंडल प्रशासन ने कहा कि स्वच्छ रेलवे और स्वच्छ पर्यावरण के लिए रेलकर्मियों के साथ यात्रियों की सहभागिता भी बेहद महत्वपूर्ण है।