आजम खान के खिलाफ कथित प्रतिशोधात्मक कार्रवाई पर रोक की मांग, सपा प्रतिनिधिमंडल ने सौंपा ज्ञापन

पटियाली। समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने आजम खान के खिलाफ कथित प्रतिशोधात्मक और उत्पीड़नकारी कानूनी कार्रवाइयों पर रोक लगाने तथा निष्पक्ष न्याय सुनिश्चित करने की मांग उठाई है। गुरुवार को सपा नेताओं ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन पटियाली के उपजिलाधिकारी सुशांत सांवरे को सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने आजम खान के संवैधानिक और कानूनी अधिकारों की रक्षा करने के साथ उनके खिलाफ चल रही कानूनी कार्रवाइयों की निष्पक्ष समीक्षा कराने का अनुरोध किया।

सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता अब्दुल हफीज गांधी ने कहा कि कानून का इस्तेमाल किसी को परेशान करने के लिए नहीं, बल्कि न्याय सुनिश्चित करने के लिए होना चाहिए। आजम खान के विरुद्ध लगातार हो रही कानूनी कार्रवाइयों की निष्पक्ष समीक्षा होनी चाहिए और उनके कानूनी अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए।

सपा पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव प्रेम सिंह शाक्य ने कहा कि जांच एजेंसियों की कार्रवाई निष्पक्ष, पारदर्शी और कानून के अनुरूप होनी चाहिए। किसी भी व्यक्ति के खिलाफ राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से कार्रवाई नहीं होनी चाहिए। वरिष्ठ सपा नेता ईसार अली ने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर न्याय, निष्पक्षता और मानवीय गरिमा की रक्षा जरूरी है।

पटियाली बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष कुंवर पाल यादव ने कहा कि कानून का शासन और निष्पक्ष न्यायिक प्रक्रिया लोकतंत्र की बुनियाद हैं। प्रत्येक व्यक्ति के कानूनी अधिकारों और व्यक्तिगत स्वतंत्रता का सम्मान किया जाना चाहिए। सपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष राशिद अली ने कहा कि बार-बार नई प्राथमिकी और कानूनी कार्रवाइयों से किसी व्यक्ति के लगातार हिरासत में रहने की स्थिति पैदा होने की आशंका गंभीर है। प्रत्येक मामले में ठोस साक्ष्यों और विधिसम्मत प्रक्रिया का पालन किया जाना चाहिए।

ज्ञापन में राष्ट्रपति से अनुरोध किया गया कि वह संबंधित सक्षम प्राधिकारियों तक प्रतिनिधिमंडल की चिंता पहुंचाएं और आजम खान के खिलाफ चल रही जांचों एवं कानूनी कार्रवाइयों में निष्पक्षता सुनिश्चित कराने तथा किसी भी प्रतिशोधात्मक या उत्पीड़नकारी कार्रवाई को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने का अनुरोध करें। प्रतिनिधिमंडल ने स्पष्ट किया कि उसकी मांग किसी वैधानिक जांच को रोकने की नहीं, बल्कि कानून के निष्पक्ष और समान अनुपालन की है।

इस अवसर पर अरविंद शाक्य, चंदन पांडे, मोहम्मद असलम अंसारी, मोहम्मद शाहिद, हिकमत अली, मुशीर अहमद अंसारी और रहीस आलम सहित अन्य लोग मौजूद रहे।