अहमदाबाद मंडल में 7वीं डीआरएम चैंपियनशिप का भव्य शुभारंभ, 1200 रेल कर्मचारी दिखाएंगे खेल प्रतिभा

अहमदाबाद मंडल में 7वीं डीआरएम चैंपियनशिप का भव्य शुभारंभ, 1200 रेल कर्मचारी दिखाएंगे खेल प्रतिभा

अहमदाबाद मंडल में खेल प्रतियोगिताओं का आगाज

अहमदाबाद। पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और रेल कर्मचारियों को फिटनेस के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से 7वीं डीआरएम चैंपियनशिप 2026-27 का मंगलवार, 24 नवंबर को भव्य शुभारंभ हुआ। साबरमती स्थित स्पोर्ट्स ग्राउंड में अहमदाबाद मंडल खेल संघ की ओर से आयोजित प्रतियोगिता का उद्घाटन मंडल रेल प्रबंधक एवं संघ के अध्यक्ष वेद प्रकाश ने किया।

कार्यक्रम के दौरान डीआरएम वेद प्रकाश ने ट्रॉफी का अनावरण किया और सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को खेल भावना एवं निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा की शपथ दिलाई। इस वर्ष चैंपियनशिप में 11 खेलों के अंतर्गत 38 प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं, जिनमें अहमदाबाद मंडल के 16 विभागों के लगभग 1100 से 1200 रेल कर्मचारी उत्साहपूर्वक हिस्सा ले रहे हैं।

प्रतियोगिता में क्रिकेट, फुटबॉल, वॉलीबॉल, टेबल टेनिस, बैडमिंटन, कैरम, शतरंज और एथलेटिक्स सहित कई खेल शामिल हैं। कुल 16 टीमें मैदान में अपनी प्रतिभा और दमखम दिखाएंगी। इनमें मंडल के विभिन्न विभागों, कारखाने, साबरमती स्टोर और गांधीधाम क्षेत्र प्रबंधक की टीम भी शामिल हैं।

इस अवसर पर डीआरएम वेद प्रकाश ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल कर्मचारियों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के साथ अनुशासन, टीम भावना और आपसी समन्वय को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को पूरे उत्साह के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।

डीआरएम चैंपियनशिप का उद्देश्य रेल कर्मचारियों में खेल संस्कृति को बढ़ावा देना, आपसी सहयोग और टीमवर्क मजबूत करना तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। इस आयोजन से रेल कर्मचारियों को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने और अपनी क्षमता को निखारने का शानदार अवसर मिल रहा है।