अहमदाबाद मंडल में उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया 77वां संविधान दिवस, डीआरएम वेद प्रकाश ने दिलाई संविधान के प्रति निष्ठा की शपथ

अहमदाबाद मंडल में उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया 77वां संविधान दिवस, डीआरएम वेद प्रकाश ने दिलाई संविधान के प्रति निष्ठा की शपथ

संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ कर दोहराया संकल्प

अहमदाबाद। पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल में 26 नवंबर को 77वां संविधान दिवस उत्साह, सम्मान और गरिमा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश ने मंडल कार्यालय में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ कराया। साथ ही सभी को संविधान के आदर्शों एवं मूल्यों के प्रति निष्ठा रखने की शपथ दिलाई।

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने संविधान की प्रस्तावना का वाचन करते हुए भारत को संपूर्ण प्रभुत्व-संपन्न, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष एवं लोकतंत्रात्मक गणराज्य बनाए रखने के संकल्प को दोहराया। इसके साथ ही सभी नागरिकों को सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय, विचार एवं अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता तथा समानता का अधिकार सुनिश्चित करने वाले संवैधानिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

इस अवसर पर राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत बनाने, व्यक्ति की गरिमा बनाए रखने तथा आपसी भाईचारे और बंधुता को बढ़ावा देने का भी संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक मंजू मीणा, अपर मंडल रेल प्रबंधक विकास गढ़वाल, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी सिद्धार्थ सहित मंडल के सभी शाखा अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। संविधान दिवस के आयोजन ने रेलवे अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान के मूल आदर्शों और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का स्मरण कराया।