अलीगढ़ में पटाखा कारोबारियों के यहां अग्निशमन विभाग का सुरक्षा अभियान, 9 प्रतिष्ठानों का फायर ऑडिट

अलीगढ़। आगामी त्योहारों के मद्देनजर अग्निशमन एवं आपात सेवा विभाग ने जिले में पटाखा निर्माण और भंडारण स्थलों की सुरक्षा को लेकर जांच अभियान तेज कर दिया है। शुक्रवार को मुख्य अग्निशमन अधिकारी मुकेश कुमार के दिशा-निर्देशन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चलाकर 9 विस्फोटक एवं पटाखा निर्माण/विक्रय स्थलों और गोदामों का फायर ऑडिट किया गया।

अभियान के तहत अतरौली, इगलास, खैर, चंडौस, जलाली और अन्य क्षेत्रों में स्थित पटाखा कारोबार से जुड़े प्रतिष्ठानों की जांच की गई। इस दौरान अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं, आपात स्थिति में सुरक्षित निकासी व्यवस्था और उपलब्ध अग्निशमन संसाधनों का जायजा लिया गया।

अग्निशमन अधिकारियों ने प्रतिष्ठान संचालकों और कर्मचारियों को आग से बचाव के उपायों तथा किसी भी आपात स्थिति में सुरक्षित तरीके से बाहर निकलने के संबंध में आवश्यक जानकारी दी। अभियान के दौरान 22 लोगों को प्रशिक्षित एवं जागरूक किया गया।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पटाखा निर्माण, भंडारण और बिक्री से जुड़े स्थानों पर सुरक्षा मानकों का पालन बेहद जरूरी है। नियमित फायर ऑडिट और जागरूकता अभियान का उद्देश्य किसी भी संभावित अग्निकांड को रोकना और आपात स्थिति में जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।