अमृतसर से हजूर साहिब नांदेड के लिए चलेगी आरक्षित विशेष ट्रेन, यात्रियों को मिलेगी सुविधा

फिरोजपुर। यात्रियों की सुविधा और अतिरिक्त यात्री मांग को देखते हुए उत्तर रेलवे द्वारा अमृतसर और हजूर साहिब नांदेड के बीच आरक्षित विशेष रेलगाड़ी का संचालन किया जा रहा है। इस विशेष ट्रेन के संचालन से पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा में सुविधा मिलेगी।

रेलवे के अनुसार 04642 अमृतसर हजूर साहिब नांदेड आरक्षित विशेष एक्सप्रेस 31 अगस्त 2026 को अमृतसर से रात 8:10 बजे रवाना होगी और करीब 38 घंटे 50 मिनट की यात्रा के बाद 2 सितंबर को सुबह 11 बजे हजूर साहिब नांदेड पहुंचेगी।

वापसी में 04641 हजूर साहिब नांदेड अमृतसर आरक्षित विशेष एक्सप्रेस 6 सितंबर 2026 को हजूर साहिब नांदेड से रात 9 बजे रवाना होगी और करीब 38 घंटे 20 मिनट बाद 8 सितंबर को सुबह 11:20 बजे अमृतसर पहुंचेगी।

इन प्रमुख स्टेशनों पर होगा ठहराव

दोनों दिशाओं में विशेष ट्रेन ब्यास, जालंधर सिटी, फगवाड़ा, लुधियाना, सरहिंद, राजपुरा, अंबाला कैंट, पानीपत, दिल्ली सफदरजंग, पलवल, मथुरा, आगरा कैंट, ग्वालियर, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, बीना, भोपाल, इटारसी, खंडवा, भुसावल, मनमाड, नागरसोल, छत्रपति संभाजीनगर, जालना, परभणी और पूर्णा स्टेशनों पर रुकेगी।

रेलवे के मुताबिक विशेष रेलगाड़ी में द्वितीय श्रेणी शयनयान के 18 कोच और सामान्य श्रेणी के 4 कोच होंगे। इस विशेष ट्रेन के संचालन से यात्रियों को धार्मिक एवं लंबी दूरी की यात्रा के लिए अतिरिक्त रेल सुविधा उपलब्ध होगी।