अपर मंडल रेल प्रबंधक ने शंकरगढ़ स्टेशन और बेवरा साइडिंग का किया निरीक्षण

प्रयागराज। रेल परिचालन को सुरक्षित और सुचारु बनाए रखने के साथ यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अपर मंडल रेल प्रबंधक/सामान्य, प्रयागराज दीपक कुमार ने शुक्रवार को शंकरगढ़ रेलवे स्टेशन और पीपीजीएस/बेवरा साइडिंग का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टेशन की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

शंकरगढ़ स्टेशन के निरीक्षण के दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक ने स्टेशन परिसर में साफ-सफाई, यात्री सुविधाओं, परिचालन व्यवस्था समेत अन्य व्यवस्थाओं को देखा। उन्होंने यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं को बेहतर बनाने और स्टेशन की व्यवस्थाओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप बनाए रखने के निर्देश दिए।

इसके बाद उन्होंने पीपीजीएस/बेवरा साइडिंग का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने माल लदान और अनलोडिंग की व्यवस्थाओं के साथ परिचालन, सुरक्षा एवं साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को साइडिंग की व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने तथा सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

अपर मंडल रेल प्रबंधक ने निरीक्षण के दौरान रेल परिचालन में सुरक्षा को प्राथमिकता देने के साथ यात्रियों और रेल उपयोगकर्ताओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। रेल प्रशासन का उद्देश्य नियमित निरीक्षण के माध्यम से व्यवस्थाओं में सुधार और परिचालन को सुरक्षित एवं सुचारु बनाए रखना है।