अजमेर मंडल में ऊर्जा संरक्षण का संकल्प, एक घंटे तक बंद रखीं गईं लाइटें

अजमेर मंडल में ऊर्जा संरक्षण का संकल्प, एक घंटे तक बंद रखीं गईं लाइटें

ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह के तहत रेलकर्मियों और यात्रियों ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प, सात रेलवे स्टेशनों पर चलाया जागरूकता अभियान

अजमेर।भारत की वर्ष 2026 में ब्रिक्स अध्यक्षता के तहत आयोजित ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह के अंतर्गत उत्तर पश्चिम रेलवे के अजमेर मंडल में पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा बचत को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। 1 से 7 नवंबर तक आयोजित इस सप्ताह में रेलकर्मियों और यात्रियों को पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

अभियान के दूसरे दिन 2 नवंबर को ऊर्जा संरक्षण विषय पर अजमेर, आबू रोड, उदयपुर सिटी, भीलवाड़ा, ब्यावर, फालना और मारवाड़ जंक्शन रेलवे स्टेशनों पर रेलकर्मियों एवं यात्रियों ने ऊर्जा बचत की शपथ ली। इस दौरान सुबह 10 बजे से 11 बजे तक एक घंटे के लिए लाइटें बंद रखकर बिजली बचाने का संदेश दिया गया।

इससे पहले 1 नवंबर को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के प्रति जागरूक किया गया। पूरे सप्ताह के दौरान ऊर्जा संरक्षण, जल बचत, प्लास्टिक का कम उपयोग, ई-कचरा प्रबंधन और स्वच्छता सहित सात विषयों पर गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।

मंडल रेल प्रशासन ने रेलकर्मियों और यात्रियों से बिजली-पानी की बचत करने तथा पर्यावरण संरक्षण को अपनी दैनिक आदतों में शामिल करने की अपील की। अभियान का उद्देश्य छोटे-छोटे प्रयासों के माध्यम से स्वच्छ, हरित और टिकाऊ भविष्य का निर्माण करना है।