अंबाला मंडल कार्यालय और रेलवे स्टेशनों पर हुआ श्रमदान, स्वच्छता का दिया संदेश

अंबाला। ?स्वच्छता ही सेवा? अभियान को आगे बढ़ाते हुए गुरुवार को अंबाला मंडल कार्यालय और विभिन्न रेलवे परिसरों में ?स्वच्छता पखवाड़ा-2026? के तहत श्रमदान किया गया। मंडल रेल प्रबंधक विनोद भाटिया के नेतृत्व में आयोजित अभियान में ?एक दिन, एक घंटा, एक साथ? के संदेश के साथ अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्वच्छता गतिविधियों में भाग लिया। इस दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक देवी सिंह मीणा समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और सफाई मित्र मौजूद रहे।

मंडल रेल प्रबंधक विनोद भाटिया ने कहा कि स्वच्छता अभियान का उद्देश्य रेलवे परिसरों में स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण तैयार करना है। उन्होंने रेल उपयोगकर्ताओं से रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों को साफ रखने में सहयोग करने तथा स्वच्छता को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने स्वयं सफाई गतिविधियों में भाग लेकर कर्मचारियों और सफाई मित्रों का उत्साहवर्धन किया।

अभियान के तहत अंबाला मंडल के रेलवे स्टेशनों, कोचिंग डिपो, लोको शेड, कैरिज एवं वैगन डिपो तथा उत्तर रेलवे मंडल चिकित्सालय, अंबाला छावनी में भी अधिकारियों, कर्मचारियों और सफाई मित्रों ने श्रमदान किया। रेलवे की ओर से बताया गया कि ?स्वच्छता पखवाड़ा-2026? का आयोजन जनभागीदारी के माध्यम से स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किया जा रहा है। इस वर्ष अभियान की थीम ?स्वच्छता में सहभाग: स्वच्छ भारत, विकसित भारत? रखी गई है।

इसके साथ ही 2 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक ?विशेष अभियान 6.0? चलाया जाएगा। इसमें रेलवे कार्यालयों और परिसरों में स्वच्छता को संस्थागत रूप देने, लंबित मामलों के निस्तारण, अभिलेखों के व्यवस्थित प्रबंधन तथा ई-कचरे के प्रभावी संग्रहण, पृथक्करण और निस्तारण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। रेलवे मंत्रालय की ओर से अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली इकाइयों को पुरस्कार और शील्ड देने का भी प्रावधान किया गया है।